Share this post with:
00 अध्यक्ष विभा अवस्थी ने तैयारियों को लेकर दिए निर्देश
रायपुर। छत्तीसगढ़ की समृद्ध कृषि एवं लोक संस्कृति के प्रतीक प्रथम त्यौहार हरेली को इस वर्ष भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की ओर से प्रदेश स्तर पर भव्य रूप से मनाया जाएगा। 12 अगस्त को प्रदेश भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती विभा अवस्थी ने रविवार को प्रदेश एवं रायपुर ग्रामीण क्षेत्र के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक की। बैठक में उन्होंने आयोजन को पारंपरिक छत्तीसगढ़ी संस्कृति के अनुरूप गरिमापूर्ण और व्यापक स्वरूप देने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री श्रीमती शीतल नायक सहित संगठन के विभिन्न पदाधिकारी मौजूद रहे। मीडिया प्रभारी प्रियंका गिरी ने भी बैठक में शामिल होकर आयोजन से जुड़ी तैयारियों एवं प्रचार-प्रसार के संबंध में चर्चा की। प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी ने कहा कि हरेली केवल एक पर्व नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की कृषि परंपरा, लोक आस्था और ग्रामीण जीवन से जुड़ी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। छत्तीसगढ़ में हरेली को प्रथम त्यौहार के रूप में विशेष महत्व प्राप्त है। इस दिन किसान कृषि कार्य के प्रथम चरण के पूरा होने के बाद कृषि कार्य में उपयोग किए जाने वाले उपकरणों, हल-बैल सहित अन्य साधनों की पूजा करते हैं और अच्छी फसल तथा समृद्धि के लिए धरती माता के प्रति आभार व्यक्त करते हैं।
उन्होंने कहा कि हरेली पर्व छत्तीसगढ़ की ग्रामीण संस्कृति और पारंपरिक जीवनशैली को अपने भीतर समेटे हुए है। इस अवसर पर गांवों में बच्चों और युवाओं में गेड़ी चढऩे की परंपरा देखने को मिलती है। वहीं विभिन्न स्थानों पर नारियल फेंक प्रतियोगिता सहित पारंपरिक खेलों का आयोजन भी किया जाता है। घरों में छत्तीसगढ़ी व्यंजनों और पारंपरिक पकवानों का निर्माण कर परिवार एवं समाज के लोगों के साथ मिलकर पर्व मनाया जाता है।
Share this post with:
10 Aug 2026 35 Views
10 Aug 2026 31 Views