CNIN News Network

हत्या के प्रयास के मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार

07 Aug 2026   10 Views

हत्या के प्रयास के मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार

Share this post with:

नारायणपुर। जिले के थाना कुकड़ाझोर पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार आरोपी राजकुमार कावड़े को शुक्रवार को गिरफ्तार कर पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना करना स्वीकार किया तथा उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार टंगिया बरामद की गई है। थाना कुकड़ाझोर में कार्यवाही उपरांत न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना कुकड़ाझोर में अपराध क्रमांक 03/2026 के तहत धारा 296, 351(2), 115(2), 333 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया था। प्रार्थी द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार 02 अगस्त 2026 की शाम गांव में आयोजित बैठक के दौरान पुरानी रंजिश को लेकर आरोपी राजकुमार कावड़े ने पहले प्रार्थी के साथ गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी दी। कुछ समय बाद आरोपी प्रार्थी के घर पहुंचा और टंगिया से उसके सिर पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल को तत्काल उपचार के लिए जिला चिकित्सालय नारायणपुर पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। इसके बाद थाना कुकड़ाझोर में मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम द्वारा लगातार संभावित ठिकानों पर तलाश की गई तथा मुखबिरों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर आरोपी की खोजबीन जारी रखी गई। पतासाजी के दौरान मिली सूचना के आधार पर आरोपी राजकुमार कावड़े, पिता स्व. बृजलाल कावड़े, उम्र 25 वर्ष, निवासी नागेलपारा, थाना कुकड़ाझोर, जिला नारायणपुर को आज गिरफ्तार किया गया।
नारायणपुर पुलिस आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार के विवाद या आपसी मतभेद का समाधान कानून के दायरे में रहकर करें। छोटी-छोटी बातों पर हिंसा का सहारा लेना गंभीर अपराध है, जिसके कानूनी परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। किसी भी विवाद की स्थिति में तत्काल निकटतम थाना अथवा पुलिस नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें तथा जिले में शांति, सौहार्द एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

Share this post with:

AD R.O. No. - 13944/16

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web