CNIN News Network

स्वदेशी अपनाना केवल विकल्प नहीं, यह देश के स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता का संकल्प है : साव

27 Nov 2026   0 Views

स्वदेशी अपनाना केवल विकल्प नहीं, यह देश के स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता का संकल्प है : साव

Share this post with:


00 विदेशी सामान खरीदकर शत्रु को मजबूत न करें, स्वदेशी उत्पादों को अपनाकर देश की अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाएं
बिलासपुर। उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने गुरुवार को बिलासपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित स्वदेशी मेले में शामिल हुए। श्री साव ने मेले में विभिन्न राज्यों के स्वदेशी उत्पादों, हस्तशिल्प और स्थानीय कारीगरों की कलाकृतियों का अवलोकन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री साव ने कहा कि पिछले 17 वर्षों से स्वदेशी मेले की यह यात्रा निरंतर आगे बढ़ रही है। मेले में देश के विभिन्न राज्यों की खाद्य सामग्री, हस्तशिल्प, पारंपरिक उत्पादों और औद्योगिक वस्तुओं के 305 स्टॉल लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह मेला देश का स्वाभिमान जगाने, स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहित करने और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण पहल है।
श्री साव ने कहा कि हमारे शिल्पकारों और कारीगरों की मेहनत से तैयार उत्पादों को यदि हम नहीं अपनाएंगे, तो उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति कैसे मजबूत होगी? स्वदेशी वस्तुओं की खरीदारी से स्थानीय कारीगरों, छोटे उद्योगों और उद्यमियों को रोजगार एवं आर्थिक संबल मिलता है। उन्होंने कहा कि केवल स्वदेशी अपनाने का नारा लगाने से बदलाव नहीं आएगा, बल्कि बाजार जाते समय हमें स्वदेशी उत्पाद खरीदने का संकल्प लेना होगा। इसे अपनी आदत और संस्कार बनाना होगा। तभी देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और विकसित भारत का सपना साकार होगा।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की सीमाओं पर हमारे सैनिक कठिन परिस्थितियों में रहकर मातृभूमि की रक्षा करते हैं। उनके त्याग और बलिदान का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। हमें अपने दैनिक जीवन में ऐसे उत्पादों को प्राथमिकता देनी चाहिए, जिनसे देश की अर्थव्यवस्था मजबूत हो। विदेशी वस्तुओं पर निर्भरता बढ़ाकर हम अनजाने में अपने प्रतिस्पर्धियों और शत्रु देशों की अर्थव्यवस्था को मजबूती देते हैं। स्वदेशी उत्पादों को अपनाना देश की सुरक्षा, सैनिकों के सम्मान और राष्ट्रीय स्वाभिमान से भी जुड़ा विषय है।
श्री साव ने कहा कि लंबे समय तक विदेशी शासन के कारण देश का स्वाभिमान और आत्मगौरव प्रभावित हुआ। श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी ने देश के गौरव को पुनर्स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत वैश्विक मंच पर अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। दुनिया भारत की ओर आशा और विश्वास से देख रही है। भारत की सोच केवल अपने विकास तक सीमित नहीं, बल्कि विश्व कल्याण की है। उन्होंने कहा कि देशवासी स्वदेशी अपनाने का संकल्प लें, तो विकसित भारत के निर्माण की राह और मजबूत होगी। स्वदेशी मेला इसी राष्ट्रीय संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है।

Share this post with:

AD R.O. No. - 14159/26

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web