Share this post with:
00 कवर्धा जिले के सिल्हाटी में सोलर संयंत्र लगने के बाद भी 1.11 लाख का बिजली बिल आने की शिकायत जांच में गलत पाई गई
00 सीएसपीडीसीएल ने अफवाहों एवं भ्रामक खबरों से किया सावधान
रायपुर। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर संयंत्र लगाने के बाद भी एक लाख 11 हजार रुपए का बिजली बिल आने की शिकायत की छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी ने उच्चस्तरीय जांच कराई। जांच में पाया गया कि जिस उपभोक्ता ने शिकायत की थी, उसके नाम से न तो सोलर संयंत्र स्थापित है और न ही उसके घर स्मार्ट मीटर लगा है। संबंधित विद्युत कनेक्शन पर पुराना मीटर ही लगा हुआ है। वास्तविकता यह है कि उपभोक्ता के घर में विद्युत उपकरण अधिक होने के कारण बिजली की खपत भी अधिक है तथा उसने पिछले पांच माह से बिजली बिल जमा नहीं किया है। पावर कंपनी की जांच (फैक्ट चेक) में यह स्पष्ट हुआ कि स्मार्ट मीटर अथवा सोलर संयंत्र से बिजली बिल नहीं बढ़ता है।
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी ने कवर्धा जिले के बोड़ला विकासखंड के ग्राम सिल्हाटी निवासी उपभोक्ता श्री तिलक राम चंद्रवंशी की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जांच कराई। उन्होंने शिकायत की थी कि सोलर संयंत्र लगाने के बाद भी उनका बिजली बिल 1 लाख 11 हजार 650 आया है। इस संबंध में कुछ मीडिया माध्यमों में समाचार प्रकाशित हुए, जिनमें विभाग का पक्ष शामिल नहीं था। मामले की जांच के लिए पंडरिया के कार्यपालन अभियंता के.के. झा एवं बोड़ला उपसंभाग के सहायक अभियंता सुनील कुमार कंवर को जिम्मेदारी सौंपी गई। जांच दल ने मौके पर पहुंचकर शिकायत का परीक्षण किया तथा अपना प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। प्रतिवेदन के अनुसार तिलक राम चंद्रवंशी के बी.पी. क्रमांक 1002557014 पर पुराना मीटर लगा हुआ है। उक्त कनेक्शन पर न तो स्मार्ट मीटर लगाया गया है और न ही कोई रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित है।
जांच में यह भी पाया गया कि श्री तिलक राम चंद्रवंशी के तीन भाइयों का संयुक्त परिवार है, जिसमें पूर्व से एक ही विद्युत कनेक्शन से बिजली का उपयोग किया जा रहा था। पिछले तीन माह से इस परिसर में 8 किलोवाट से अधिक विद्युत भार का उपयोग किया जा रहा है। साथ ही संबंधित उपभोक्ता द्वारा फरवरी 2026 से बिजली बिल जमा नहीं किया गया है। फलस्वरूप पांच माह की बकाया राशि वर्तमान बिल में सम्मिलित होकर प्रदर्शित हुई है। अत: यह कहना कि सोलर संयंत्र लगाने के कारण अधिक बिजली बिल आया है, पूर्णत: तथ्यहीन एवं भ्रामक है।
जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि श्री तिलक राम चंद्रवंशी के भाई श्री विनोद चंद्रवंशी एवं श्री निकुंज चंद्रवंशी ने अपने-अपने नाम से नए विद्युत कनेक्शन लिए हैं। इन दोनों कनेक्शनों पर 16 जून 2026 को प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत 3-3 किलोवाट क्षमता के रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए गए हैं। इन कनेक्शनों का पहला बिजली बिल अभी जारी नहीं हुआ है। जुलाई माह की वास्तविक विद्युत खपत तथा रूफटॉप सोलर संयंत्र से उत्पादित एवं ग्रिड में समायोजित ऊर्जा के आधार पर उनका प्रथम बिजली बिल जारी किया जाएगा।
पावर कंपनी के उपमहाप्रबंधक (जनसंपर्क) गोविन्द पटेल ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा शिकायत के संबंध में विद्युत वितरण कंपनी के संबंधित कार्यालय, टोल फ्री नंबर 1912 अथवा अधिकृत माध्यमों से जानकारी प्राप्त करें, जिससे तथ्यों की सही जानकारी उपलब्ध हो सके।
Share this post with:
01 Aug 2026 7 Views
01 Aug 2026 7 Views
01 Aug 2026 23 Views
01 Aug 2026 16 Views
01 Aug 2026 21 Views
01 Aug 2026 19 Views