Share this post with:
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी संघ मर्यादित, रायपुर द्वारा आदिवासी सदस्य सहकारी शिक्षा योजना के अंतर्गत राष्ट्रीय स्तर की सहकारी संस्था इफको के सहयोग से बस्तर विकासखंड के सोनारपाल लैंपस अंतर्गत ग्राम पंचायत देवड़ा में आज गुरूवार काे कृषकों एवं सहकारी बंधुओं के लिए सहकारी शिक्षण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी संघ के वरिष्ठ प्रशिक्षक विवेक पांडे ने कहा कि "सहकार से समृद्धि" के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सहकारी संस्थाओं का सुदृढ़ होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि भारत सरकार की पहल के तहत आगामी दो वर्षों में प्रत्येक ग्राम पंचायत में लैम्प्स/पैक्स, दुग्ध एवं मत्स्य पालन जैसी सहकारी समितियों के गठन की योजना है। उन्होंने ग्रामीणों को सहकारी संस्थाओं की भूमिका, किसानों को मिलने वाली विभिन्न सुविधाओं तथा कृषक उत्पादक संगठन (एफपीओ) के गठन के संबंध में भी विस्तृत जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान राष्ट्रीय स्तर की सहकारी संस्था इफको के क्षेत्रीय अधिकारी लाल बहादुर सिंह एवं सहायक फील्ड असिस्टेंट वैभव पांडे ने इफको द्वारा संचालित सामाजिक सरोकारों, रासायनिक एवं जैविक उर्वरकों की उपयोगिता तथा नैनो यूरिया एवं नैनो डीएपी के वैज्ञानिक उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही इफको उर्वरक की खरीदी पर उपलब्ध संकट हरण बीमा योजना के लाभों से भी किसानों को अवगत कराया। कार्यक्रम में सोनारपाल लैम्प्स के प्रबंधक प्रेमनाथ वेद ने किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के अंतर्गत ऋण वितरण व्यवस्था एवं उससे मिलने वाले लाभों की जानकारी किसानों को दी गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने में सोनारपाल लैम्प्स के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी संघ के रोमांचल पाणिग्राही का सहयोग रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण कृषक एवं सहकारी सदस्य उपस्थित रहे।
Share this post with:
06 Aug 2026 29 Views
06 Aug 2026 12 Views
05 Aug 2026 19 Views