CNIN News Network

सेवा सेतु से बस्तर के नागरिकों को घर बैठे मिल रहीं 441 से अधिक लोक सेवाएं

26 May 2026   3 Views

सेवा सेतु से बस्तर के नागरिकों को घर बैठे मिल रहीं 441 से अधिक लोक सेवाएं

Share this post with:

जगदलपुर। राज्य शासन द्वारा प्रशासनिक व्यवस्था एवं लोक सेवाओं को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जन-सुलभ बनाने की दिशा में उठाया गया बड़ा कदम सेवा सेतु पोर्टल अब बस्तर जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों के लिए वरदान साबित हो रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शुरू की गई इस डिजिटल पहल के तहत लोक सेवा केंद्रों को अब उन्नत कर सेवा सेतु केंद्र के रूप में तब्दील कर दिया गया है। बीते 18 मई को शुभारंभ होने के बाद वर्तमान में बस्तर जिले के 96 स्थानों पर ये सेवा सेतु केंद्र पूरी तरह से काम कर रहे हैं। इस महत्वपूर्ण प्रशासनिक और तकनीकी सुधार के बाद अब बस्तरवासियों को अपने छोटे-बड़े प्रमाण-पत्रों और अन्य कार्यों के लिए काफी सहुलियत मिल रही है, जिससे उनके समय, श्रम और धन की बचत हो रही है।
पूर्व में संचालित ई-डिस्ट्रिक्ट प्लेटफॉर्म पर केवल 86 सेवाएं ही ऑनलाइन उपलब्ध थीं, लेकिन नागरिकों की दैनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए शासन ने इसका उन्नत संस्करण सेवा सेतु विकसित किया है। अब इस एकल ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर 441 से अधिक शासकीय सेवाओं को जोड़ दिया गया है, जिसमें 54 नई सेवाओं को शामिल करने के साथ-साथ विभिन्न विभागों की 329 री-डायरेक्ट सेवाओं का भी सफल एकीकरण किया गया है। वर्तमान में 30 से अधिक सरकारी विभाग इस सिंगल-विंडो डिजिटल प्लेटफॉर्म से सीधे जुड़ चुके हैं, जिसकी वजह से आम जनता को अलग-अलग पोर्टलों पर निर्भर नहीं रहना पड़ रहा है और पूरी प्रशासनिक प्रक्रिया पहले से कहीं अधिक व्यवस्थित हो चुकी है।
बस्तर जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में इस पोर्टल के माध्यम से आय, जाति और निवास प्रमाण-पत्रों के अलावा विवाह प्रमाण-पत्र, नाम परिवर्तन हेतु साधारण राजपत्र अधिसूचना और जमीन से जुड़ी भू-नकल जैसी मूलभूत सेवाओं का नागरिक बड़े पैमाने पर लाभ उठा रहे हैं। सेवा सेतु ने पारंपरिक व्यवस्था को बदलते हुए नागरिकों को एक वन स्टॉप सॉल्यूशन उपलब्ध कराया है, जहां प्रत्येक सेवा के लिए एक समय-सीमा निर्धारित की गई है, ताकि तय अवधि के भीतर ही लोगों को उनके दस्तावेज मिल सकें। इस डिजिटल व्यवस्था के प्रति आम लोगों का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है क्योंकि इलेक्ट्रॉनिक वर्कफ्लो प्रणाली के जरिए अब आवेदन की प्रक्रिया की निगरानी करना बेहद आसान हो गया है।
आधुनिक तकनीक के बढ़ते उपयोग को देखते हुए इस व्यवस्था को और अधिक सुलभ बनाने के लिए सेवा सेतु को अब व्हाट्सएप से भी जोड़ दिया गया है। इसके माध्यम से बस्तर के दूरस्थ अंचलों में रहने वाले लोग भी घर बैठे ही सिर्फ अपने मोबाइल फोन पर लोक सेवाओं की सटीक जानकारी प्राप्त कर रहे हैं और सीधे ऑनलाइन सेवाओं तक अपनी पहुंच बना पा रहे हैं। अब बस्तर के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोग अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर, लोक सेवा केंद्र और इंटरनेट आधारित सेवाओं के माध्यम से इन डिजिटल सुविधाओं का लाभ उठाकर मुख्यधारा से सीधे जुड़ रहे हैं।

Share this post with:

AD R.O. No. - 13783/16

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web