Share this post with:
सुकमा। जिले में सुरक्षाबलों ने अलग-अलग थाना इलाके में कार्रवाई करते हुए नक्सलियों के 4 डंप बरामद किए हैं। नक्सलियों ने जंगल-पहाडिय़ों में हथियार, विस्फोटक, वायरलेस सेट, लैपटॉप, बीजीएल सेल और अन्य नक्सली उपयोगी सामग्री छिपाकर रखी हुई थी, जिसे सुरक्षाबलों ने बरामद किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पूर्व में सक्रिय रहे और अब आत्मसमर्पण कर चुके नक्सलियों से मिले इनपुट के आधार पर यह कार्रवाई की गई। अभियान थाना कुकानार, चिंतलनार और चिंतागुफा क्षेत्र में चलाया गया। थाना कुकानार क्षेत्र के ग्राम गादम के जंगल-पहाड़ी इलाके में 17 मई को डीएसपी रविकांत सहारे के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने सर्चिग के दौरान 42 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, 8 कंट्रीमेड हैंड ग्रेनेड, 4 हैंड ग्रेनेड और करीब 10 किलो जिलेटिन पाउडर सहित अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद की।
वहीं 21 मई को थाना चिंतलनार क्षेत्र के तुमालपारा जंगल में कोबरा और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने 8 भरमार बंदूक, 3 बीजीएल सेल, 1 ग्रेनेड, वायरलेस सेट, 6.6 किलो विस्फोटक सामग्री और अन्य सामान बरामद किया। इसके अलावा 23 मई को चिंतलनार क्षेत्र के नागाराम जंगल से एके-47 के 29 राउंड, डेटोनेटर, वर्दी कपड़ा और दैनिक उपयोग की सामग्री जब्त की गई। वहीं आज 24 मई को थाना चिंतागुफा क्षेत्र के ईरापल्ली जंगल में भी नक्सलियों का डंप मिला है। जहां संयुक्त बल ने लैपटॉप, मोटोरोला और आईकॉम वायरलेस सेट, सुतली बम, स्टील बॉल बेयरिंग, कॉपर वायर, नक्सली झंडे और अन्य सामग्री बरामद की गई । पूर्व में सक्रिय रहे नक्सलियों ने सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने की नीयत से इन सामग्रियों को जंगलों में छिपाकर रखा था। लगातार सर्चिग अभियान के जरिए ऐसे नक्सली डंप को चिन्हित कर कार्रवाई की जा रही है।
Share this post with:
25 May 2026 64 Views
25 May 2026 34 Views