CNIN News Network

सीसीपीएल के माध्यम से प्रदेश के खिलाडिय़ों को बड़ा प्लेटफॉर्म देने की कोशिश

19 May 2026   26 Views

सीसीपीएल के माध्यम से प्रदेश के खिलाडिय़ों को बड़ा प्लेटफॉर्म देने की कोशिश

Share this post with:

 

0-आईपीएल जैसे बड़े टूर्नामेंट में छग के खिलाडिय़ों का जगह बनाना बड़ी उपलब्धि-भाटिया

रायपुर। छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ (सीएसीएस) की ओर से सीसीपीएल को लगातार मजबूत बनाने और खिलाडिय़ों को बड़े स्तर तक पहुंचाने को लेकर अहम बयान सामने आया है। संघ की ओर से सीएसीएस के डायरेक्टर बलदेव सिंह पप्पू भाटिया ने कहा कि इसका मकसद सिर्फ एक ही है प्रदेश के खिलाडिय़ों को बड़ा प्लेटफॉर्म देना।उन्होने कहा कि अब आईपीएल जैसे बड़े टूर्नामेंट में भी छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी अपनी जगह बना रहे हैं, जो राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि है।छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ लगातार कोशिश कर रहा है कि हर सीजन के साथ सीसीपीएल का स्तर और बेहतर हो, ताकि खिलाडिय़ों को ज्यादा मौके मिल सकें। श्री भाटिया ने कहा कि रायपुर में हुए अंतरराष्ट्रीय मैच एवं आईपीएल मैचों के सफलतापूर्वक आयोजन के लिए छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ की पूरी टीम बधाई के पात्र है। आज देखें तो छत्तीसगढ़ का नाम क्रिकेट के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। हम सब की यही इच्छा है कि हमारे खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल के क्षेत्र में प्रदेश का नाम और ऊंचा करें।

पूर्व अध्यक्ष प्रमोद शंकर शर्मा ने कहा कि पिछले 2-3 सालों में सीसीपीएल का स्तर काफी बढ़ा है और अब यह बेहतर प्रोफेशनल लीग बनती जा रही है।वहीं पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर राजेश चौहान ने खिलाडिय़ों से अपील की कि वे अपने खेल को और निखारें और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का लक्ष्य रखें।उन्होंने टेस्ट क्रिकेट को खेल की असली रीढ़ बताते हुए कहा कि यही असली क्रिकेट की पहचान है। इसके साथ ही उन्होंने छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ की तारीफ करते हुए कहा कि मुख्य कोच अमय खुरसिया जैसे अनुभवी कोच के आने से खिलाडिय़ों को बड़ा फायदा मिलेगा और प्रदर्शन में सुधार होगा।

बता दें सीसीपीएल सीजन  3, रायपुर के शहीद वीरनारायणसिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैदान पर  3 से 14 जून तक खेला जायेगा।  इसके लिए जर्सी व टीम लांचिंग के अवसर पर क्रिकेट बिरादरी से जुड़े नामचीन लोग व संघ के पदाधिकारी जुटे हुए थे। 

Share this post with:

AD R.O. No. - 13783/16

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web