Share this post with:
रायपुर। प्रदेश में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के अंतर्गत संचालित राज्य की 14,193 उचित मूल्य दुकानों के जरिए 83.27 लाख राशन कार्डधारियों को निर्धारित पात्रतानुसार चावल, नमक, शक्कर, चना और केरोसिन का नियमित आबंटन व वितरण सुनिश्चित किया जा रहा है। केरोसिन लगभग 74 लाख अंत्योदय व प्राथमिकता राशनकार्डधारियों के लिए है। केरोसिन 62 रुपये से 82 रुपये प्रति लीटर निर्धारित होने के कारण हितग्राहियों द्वारा उठाव कम हो रहा है।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने जारी बयान में कहा है कि जनवरी 2026 से नवंबर 2026 तक प्रदेश में 26.51 लाख टन चावल, 95,832 टन नमक, 62,083 टन शक्कर और 36,244 टन चना का बड़े पैमाने पर राशनकार्डधारियों को पात्रतानुसार वितरण किया गया है। केवल नागरिक आपूर्ति निगम के प्रदाय केन्द्रों में उपलब्धता न होने के कारण जुलाई 2026 से चना तथा अक्टूबर 2026 से शक्कर का वितरण अस्थायी रूप से प्रभावित हुआ है, जिसे राशन दुकानों से व्यवस्था पूरी तरह समाप्त होने के रूप में प्रस्तुत करना तथ्यात्मक रूप से सही नहीं है।
विभाग के अनुसार, गरियाबंद जिले के मैनपुर और देवभोग विकासखंडों में भी खाद्यान्न वितरण नियमित रूप से हुआ है और प्रदाय केन्द्रों में स्टॉक की अनुपलब्धता के चलते ही जुलाई से चना तथा अक्टूबर से शक्कर का वितरण रुका है। मैनपुर विकासखंड के कुल 45,763 राशनकार्ड प्रचलित हैं। यहाँ जनवरी से नवंबर 2026 तक 1,47,888 क्विंटल चावल, 8,615 क्विंटल नमक, 5,548 क्विंटल चना और 3,807 क्विंटल शक्कर वितरित की गई, साथ ही प्रतिमाह 2,829 लीटर केरोसिन का आबंटन दिया जा रहा है। देवभोग विकासखंड के कुल 33,457 राशनकार्डों के विरुद्ध जनवरी से नवंबर 2026 तक 1,09,015 क्विंटल चावल, 3,150 क्विंटल नमक और 2,843 क्विंटल शक्कर का वितरण किया गया है तथा प्रतिमाह 2,263 लीटर केरोसिन का आबंटन जारी है।
केरोसिन के संबंध में विभाग ने बताया कि इसका आबंटन भारत सरकार के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय से प्राप्त होता है और वर्तमान में राज्य को प्रतिमाह 508 किलोलीटर केरोसिन मिल रहा है, जो लगभग 74 लाख अंत्योदय व प्राथमिकता राशनकार्डधारियों के लिए है। जिलों में उपभोक्ता दर 62 रुपये से 82 रुपये प्रति लीटर निर्धारित होने के कारण हितग्राहियों द्वारा उठाव कम (लगभग 30 से 40 प्रतिशत) हो रहा है।
Share this post with:
28 Nov 2026 5 Views
28 Nov 2026 0 Views
27 Nov 2026 92 Views
27 Nov 2026 115 Views
25 Nov 2026 606 Views