Share this post with:
जगदलपुर। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, जगदलपुर की 78वीं वार्षिक आमसभा में बैंक की वित्तीय उपलब्धियों, सहकारी समितियों की आर्थिक मजबूती, ऋण वसूली, आगामी धान खरीदी और बैंकिंग सेवाओं के विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई। आमसभा में बैंक की मौजूदा वित्तीय स्थिति को साझा करते हुए बताया गया कि चालू वित्तीय वर्ष में बैंक ने करीब 19 करोड़ रुपए का शुद्ध मुनाफा अर्जित किया है। बैंक बोर्ड ने इस मुनाफे में से 25 प्रतिशत राशि सहकारी समितियों को बोनस के रूप में देने का निर्णय लिया है। आमसभा में बैंक के अध्यक्ष दिनेश कश्यप, उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता शिवनारायण पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में किसान, सहकारी समितियों के प्रतिनिधि और सहकारी क्षेत्र से जुड़े लोग उपस्थित रहे।
अध्यक्ष दिनेश कश्यप ने कहा कि सभी के सहयोग एवं मार्गदर्शन से हमारा बैंक सहकारिता की भावना को सुदृढ़ करते हुए कृषकों एवं ग्रामीण अंचलों की आर्थिक प्रगति में अपनी भूमिका और अधिक प्रभावी ढंग से निभाता रहेगा। बैंक की प्रगति हमारे अंशधारी सदस्यों, कृषकों, अमानतदारों, ग्राहकों, सहकारी संस्थाओं तथा अधिकारियों-कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। आमसभा में बैंक के बजट, वार्षिक ऑडिट रिपोर्ट और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई। बैंक के उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा ने बताया कि बैंक को चालू वित्तीय वर्ष में लगभग 19 करोड़ रुपए का शुद्ध लाभ हुआ है। बैंक बोर्ड द्वारा इस लाभ में से 25 प्रतिशत अंशदान सहकारी समितियों को बोनस के रूप में देने का निर्णय लिया गया है। इस निर्णय से समितियों की आर्थिक स्थिति मजबूत होने और उनके कामकाज को नई गति मिलने की उम्मीद जताई गई।
आमसभा में कृषि ऋण सहित अन्य ऋणों की वसूली की स्थिति की भी समीक्षा की गई। उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में ऋण वसूली में सुधार हुआ है, हालांकि अभी शत-प्रतिशत वसूली का लक्ष्य हासिल करना बाकी है। आगामी समय में वसूली को और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया गया।
आगामी धान खरीदी सीजन को लेकर भी आमसभा में विशेष चर्चा हुई। किसानों को खरीदी के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो और पूरी प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो, इसके लिए समितियों और बैंक स्तर पर तैयारियां समय रहते पूरी करने पर जोर दिया गया। धान खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं, बैंकिंग सुविधाओं और किसानों को मिलने वाली सेवाओं को बेहतर बनाने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।78वीं वार्षिक आमसभा में बैंक की वित्तीय उपलब्धियों के साथ-साथ किसानों और सहकारी समितियों से जुड़े मुद्दों पर आगामी कार्ययोजना को लेकर भी सहमति बनी। बैंक की लाभप्रदता, समितियों को बोनस, ऋण वसूली में सुधार, धान खरीदी की तैयारियों और कर्मचारियों की उपलब्धता जैसे विषयों को आगामी कार्ययोजना का अहम हिस्सा माना गया।
बैंकिंग सेवाओं के विस्तार में कर्मचारियों की कमी को महत्वपूर्ण विषय बताते हुए उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा ने कर्मचारियों के नियमितीकरण और नई भर्ती को लेकर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 114 कर्मचारियों को नियमित करने की प्रक्रिया चल रही है। इसके साथ ही शासन के माध्यम से व्यापमं के जरिए 100 पदों पर भर्ती का प्रस्ताव भी रखा गया है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता शिवनारायण पाण्डेय ने सहकारी समितियों को बैंकिंग व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए उनकी आय और वित्तीय स्थिति को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समितियां बैंक के कारोबार और किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ऐसे में समितियों को आर्थिक रूप से सक्षम बनाना आवश्यक है।
Share this post with:
20 Sep 2026 8 Views
19 Sep 2026 168 Views
19 Sep 2026 39 Views
19 Sep 2026 15 Views
18 Sep 2026 16 Views
18 Sep 2026 21 Views
18 Sep 2026 17 Views
17 Sep 2026 3354 Views