Share this post with:
नई दिल्ली। नीट पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार और कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के शीर्ष प्रतिनिधियों के बीच शुक्रवार को वीपी हाउस में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। लगभग 45 मिनट तक चली इस वार्ता में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह ने सरकार का प्रतिनिधित्व किया, जबकि सीजेपी की तरफ से आशुतोष रांका और सौरव दास वार्ता में शामिल हुए।
बैठक के दौरान सीजेपी नेताओं ने केंद्रीय मंत्रियों को अपना औपचारिक मांग पत्र सौंपा। यह वार्ता पहले कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में आयोजित होनी थी, लेकिन अंतिम समय में इसका स्थल बदलकर वीपी हाउस कर दिया गया। सुरक्षा के लिहाज से वीपी हाउस के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
वार्ता समाप्त होने के बाद सीजेपी नेता आशुतोष रांका और सौरव दास ने मीडिया से बातचीत करते हुए स्पष्ट किया कि पार्टी अपनी तीन मुख्य मांगों पर कायम है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
सीजेपी प्रतिनिधियों के अनुसार, सरकार ने तीन में से दो मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया है और अंतिम निर्णय के लिए शनिवार तक का समय मांगा है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि शनिवार तक सरकार ने उनकी मांगों पर सकारात्मक रुख नहीं अपनाया, तो आंदोलन को देशव्यापी स्तर पर और उग्र किया जाएगा।
* सीजेपी की तीन प्रमुख मांगें
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का तत्काल इस्तीफा।
प्रभावित पीडि़त परिवारों को 1-1 करोड़ रुपये का आर्थिक मुआवजा।
नीट विरोध प्रदर्शनों के दौरान विद्यार्थियों पर दर्ज की गई सभी एफआईआर को तुरंत रद्द करना।
Share this post with:
26 Jul 2026 16 Views
26 Jul 2026 14 Views