Share this post with:
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के कोलार रोड स्थित स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क, सतगढ़ी के भूमिपूजन कार्यक्रम शामिल होकर प्रदेश के औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि भूमिपूजन के साथ ही सागर ग्रुप के सुधीर अग्रवाल 100 करोड़ रुपये का निवेश लेकर आए हैं, जिससे क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर विधायक रामेश्वर शर्मा ने जिला प्रशासन से आग्रह किया कि परियोजना के लिए जितनी भूमि की आवश्यकता हो, उतनी ही अधिग्रहित की जाए और कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि काम समय पर पूरा होने पर सभी संबंधित अधिकारियों का सम्मान किया जाएगा। अपने संबोधन में उन्होंने यूनिफॉर्म सिविल कोड का उल्लेख करते हुए कहा कि नए कानून के तहत सभी के लिए एक विवाह की व्यवस्था होगी।
सतगढ़ी का नाम डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर होगा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि देश की आजादी के लिए डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने महत्वपूर्ण संघर्ष किया था। उनके सम्मान में सतगढ़ी क्षेत्र को अब डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम से जाना जाएगा। उन्होंने कहा कि यह निर्णय महान व्यक्तित्व के योगदान को सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भोपाल तेजी से रोजगार देने वाले शहर के रूप में विकसित हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हर क्षेत्र में विकास कार्य कर रही है और उद्योगों को बढ़ावा देकर युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं।उन्होंने कहा कि बीहड़ की धरती, जहां से देश के लिए वीर सैनिक निकलते हैं, अब देश की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए मिसाइल निर्माण का केंद्र भी बनेगी। सरकार विकास के किसी भी क्षेत्र में कोई कमी नहीं छोड़ेगी।
मुख्यमंत्री ने आगामी रक्षाबंधन का उल्लेख करते हुए कहा कि अब तक सरकार प्रदेश की बहनों को 50 हजार करोड़ रुपये प्रदान कर चुकी है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य ऐसा रामराज्य स्थापित करना है, जहां कोई भी भूखा न रहे और सभी को रोजगार तथा विकास के समान अवसर मिलें।
Share this post with:
05 Jul 2026 6 Views
04 Jul 2026 37 Views
03 Jul 2026 39 Views
02 Jul 2026 41 Views