Share this post with:

0- इस पहल का उद्देश्य दूरस्थ अंचलों के बच्चों को खेलों से जोडऩा और उन्हें सकारात्मक दिशा देना है
जगदलपुर। भारत रत्न और क्रिकेट के महानायक सचिन तेंदुलकर बस्तर के मैदान से अपनी नई पारी खेलने बुधवार को जगदलपुर पहुंचे। उनके बस्तर आगमन से पूरे संभाग में उत्साह का माहौल है। बुधवार की दोपहर दंतेश्वरी एयरपोर्ट, जगदलपुर पहुंचने पर उनका संभाग के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने आत्मीय स्वागत किया।इस दौरान कमिश्नर बस्तर संभाग डोमन सिंह, आइजी सुंदरराज पी, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, एसडीएम ऋषिकेश तिवारी और विपिन दुबे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा करते हुए सचिन तेंदुलकर ने अपने दौरे का उद्देश्य स्पष्ट किया। उन्होंने बताया कि उनकी संस्था सचिन तेंदुलकर फाउंडेशन और मान देशी फाउंडेशन मिलकर दंतेवाड़ा जिले में 50 खेल मैदानों के विकास और संवर्धन का कार्य कर रही हैं। इस पहल का उद्देश्य दूरस्थ अंचलों के बच्चों को खेलों से जोडऩा और उन्हें सकारात्मक दिशा देना है। उन्होंने कहा कि इन मैदानों में नियमित खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए मैदान कप जैसे आयोजन किए जा रहे हैं। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिलेगा और युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ेगी। सचिन ने यह भी कहा कि वे स्वयं बच्चों के साथ मैदान में उतरकर खेलेंगे, ताकि उनमें आत्मविश्वास और प्रेरणा का संचार हो सके।
बता दें आज सुबह सचिन अपने परिवार के सदस्यों के साथ प्राइवेट जेट से अपने परिवार के साथ जगदलपुर एयरपोर्ट पर उतरे। यहां से वे सीधे दंतेवाड़ा के छिंदनार पहुंचे, जहां सिहाड़ी बीज से बनी माला से उनका स्वागत हुआ। इस दौरान उन्होंने आदिवासी बच्चों से मुलाकात करने के बाद कहा कि बस्तर में डायमंड बहुत हैं,सही पॉलिश की जरूरत है।
** बेटी सारा और बहू सानिया भी मौजूद
इस दौरे में उनके साथ बेटी सारा तेंदुलकर और बहू सानिया चंडोक तेंदुलकर भी मौजूद हैं। बस्तर, जो कभी माओवादी हिंसा के कारण देशभर में अलग पहचान रखता था, अब खेलों के जरिए अपनी नई छवि गढऩे की दिशा में आगे बढ़ रहा है। ऐसे में सचिन का यह दौरा इस बदलाव को गति देने वाला महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Share this post with:
22 Apr 2026 40 Views
22 Apr 2026 8 Views
21 Apr 2026 17 Views
20 Apr 2026 36 Views