CNIN News Network

संविधान बचाओ का नारा लगाने वाली कांग्रेस पहले अपने इतिहास का जवाब दे : शताब्दी

24 Nov 2026   46 Views

संविधान बचाओ का नारा लगाने वाली कांग्रेस पहले अपने इतिहास का जवाब दे : शताब्दी

Share this post with:


00 भाजपा के लिए संविधान राष्ट्रजीवन का आधार है, संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल्यों के प्रति भाजपा प्रतिबद्ध
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता शताब्दी पाण्डे ने संविधान गौरव दिवस के दृष्टिगत कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा है कि संविधान बचाने का नारा लगाने वाली कांग्रेस को पहले अपने इतिहास और वर्तमान आचरण का मूल्यांकन करना चाहिए। श्रीमती पाण्डे ने कहा कि जिस पार्टी ने सत्ता के लिए बार-बार संवैधानिक मर्यादाओं का उल्लंघन किया, वही आज संविधान की सबसे बड़ी रक्षक बनने का पाखण्ड कर रही है। श्रीमती पाण्डे ने मंगलवार को यहाँ एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से मुखातिब थीं।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती पाण्डे ने कहा कि 26 नवंबर, 1949 को संविधान सभा ने भारत के संविधान को अंगीकृत किया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर वर्ष 2015 से 26 नवंबर को प्रतिवर्ष संविधान गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत हुई, ताकि संविधान के महत्व और डॉ. बाबासाहब भीमराव अम्बेडकर के योगदान के प्रति देश में जागरुकता बढ़े। कांग्रेस ने अपने शासनकाल में जिन डॉ. अम्बेडकर को संसदीय चुनावों में हराने की साजिश करके कदम-कदम पर अपमानित किया, उन डॉ. अम्बेडकर को भारत रत्न से अलंकृत कर तब सम्मानित किया गया जब देश में भाजपा समर्थित सरकार थी। श्रीमती पाण्डे ने दो टूक कहा कि कांग्रेस का इतिहास संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं की अवमानना के अनेक उदाहरणों से भरा है। सन् 1959 में केरल की निर्वाचित सरकार को अनुच्छेद 356 के तहत बर्खास्त किया गया। 25 जून, 1975 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की सरकार ने आपातकाल लगाकर लोकतंत्र को बंधक बनाया। विपक्षी नेताओं को जेल में डाला गया, प्रेस की स्वतंत्रता छीनी गई और नागरिकों के मौलिक अधिकार कुचले गए। 42वें संविधान संशोधन के जरिए संवैधानिक संस्थाओं और न्यायपालिका के अधिकारों के संतुलन को प्रभावित करने वाले प्रावधान किए गए।
श्रीमती पाण्डे ने कहा कि जिस कांग्रेस ने आपातकाल की अवधि में विपक्षविहीन संसद में संविधान की प्रस्तावना में संशोधन करके संविधान की आत्मा तक को लहूलुहान करने का पाप किया, जिस कांग्रेस ने सत्ता बचाने के लिए आपातकाल लगाकर संविधान और लोकतंत्र को कुचला, वह आज किस नैतिक अधिकार से संविधान बचाने की बात करती है? श्रीमती पांडे ने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस का वर्तमान आचरण भी लोकतांत्रिक मर्यादाओं पर सवाल खड़ा करता है। संसद की कार्यवाही बाधित करना, प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास के बाहर धरना देना और संवैधानिक संस्थाओं के प्रति लगातार अविश्वास व अनास्था पैदा करके देश में अराजकता फैलाने का षड्यंत्र रचना किस प्रकार की लोकतांत्रिक राजनीति है?
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती पाण्डे ने ने राहुल गांधी के विदेशों में दिए गए बयानों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि भारत को वैश्विक मामलों में 'साइड प्लेयर' बताना और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की भारत की अर्थव्यवस्था को 'डेड इकॉनॉमी' बताने वाली टिप्पणी का समर्थन करना देश के आर्थिक सामर्थ्य और करोड़ों मेहनतकश भारतीयों का अपमान है। श्रीमती पाण्डे ने कहा कि सरकार की आलोचना करना विपक्ष का अधिकार है, लेकिन सरकार और देश में अंतर होता है। भारत की प्रतिष्ठा 140 करोड़ देशवासियों का गौरव है। राजस्थान के हालिया पंचायत चुनावों का उल्लेख करते हुए श्रीमती पाण्डे ने कहा कि कांग्रेस वहाँ अपनी अधिक सीटों को जनता का समर्थन और लोकतंत्र की जीत बता रही है। लेकिन जब भाजपा चुनाव जीतती है तो कांग्रेस चुनाव आयोग और ईवीएम पर सवाल उठाने लगती है! कांग्रेस बताए कि चुनाव में जीत मिले तो लोकतंत्र की जीत और हार मिले तो ईवीएम की गड़बड़ी क्यों? क्या लोकतंत्र का अर्थ केवल कांग्रेस की जीत है?
श्रीमती पाण्डे ने कहा कि भाजपा के लिए संविधान किसी राजनीतिक दल का एजेंडा नहीं, बल्कि राष्ट्रजीवन का आधार है। संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल्यों के प्रति भाजपा प्रतिबद्ध है। श्रीमती पाण्डे ने कटाक्ष करते हुए कहा कि संविधान को हाथ में लेकर राजनीति करना आसान है, लेकिन संविधान के मूल्यों को आत्मसात कर अपने आचरण में उतारना कठिन है। कांग्रेस को संविधान बचाओ का नारा लगाने से पहले संविधान का सम्मान करना सीखना चाहिए।

Share this post with:

AD R.O. No. - 14159/26

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web