CNIN News Network

शिवानी भूमिगत खदान से 2.50 लाख के कॉपर केबल चोरी करने वाले ठेकेदार समेत 7 गिरफ्तार

26 Apr 2026   6 Views

शिवानी भूमिगत खदान से 2.50 लाख के कॉपर केबल चोरी करने वाले ठेकेदार समेत 7 गिरफ्तार

Share this post with:


सूरजपुर। भटगांव क्षेत्र अंतर्गत स्थित शिवानी भूमिगत खदान में 20 अप्रैल को हथियार लेकर घुसे चोरों ने 70 मीटर कॉपर केबल को लेकर फरार हो गए थे जिसकी कीमत करीब 2.50 लाख रुपए थी। कोल प्रबंधन की रिपोर्ट पर पुलिस ने जांच करते हुए ठेकेदार सहित 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया और आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त तलवार, टांगी सहित चोरी का कॉपर केबल बरामद किया। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 24 अप्रैल को शिवानी भूमिगत खान प्रबंधक चन्द्रकांत सोनवानी ने थाना भटगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई 20 अप्रैल की सुबह प्रतिबंधित क्षेत्र खदान के अंदर हथियारों के साथ घुसे अज्ञात चोरों आईडीएलई स्पेयर में रखा तांबे का 70 मीटर कॉपर केबल चोरी कर कर ले गए हैं। वे केबल चोरी कर ले जाते खदान के सीसीटीवी कैमरे में दिखे हैं। आरोपियों के पास हथियार होने के कारण ड्यूटी में तैनात सुरक्षा गार्ड डर से उन्हें नहीं रोक पाए। इस मामले में पुलिस ने धारा 307, 3(5) बीएनएस व 25-27 आम्र्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने नरेन्द्र सिंह उर्फ पण्डा पिता बोधन 25 वर्ष निवासी कुम्दा बस्ती थाना विश्रामपुर को दबिश देकर पकड़ा। पूछताछ में उसने अपने 6 साथियों के साथ मिलकर खदान में केबल चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात कही। इसके बाद पुलिस ने वारदात में शामिल 6 और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जिनमें नरेन्द्र सिंह उर्फ पण्डा पिता बोधन उम्र 25 वर्ष निवासी कुम्दा बस्ती, रवि उर्फ चरण अगरिया पिता महेश्वर उर्फ महेन्द्र अगरिया उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम कसकेला, कमलेश सिंह पिता सुखलाल सिंह उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम कुम्दा बस्ती, घुरलू उर्फ घुल्डू पैंकरा पिता रामस्वरूप उम्र 25 वर्ष ग्राम माझापारा कसकेला, बल्लू सिंह पिता सहदेव सिंह उम्र 28 वर्ष निवासी कुम्दा बस्ती, दिनेश सिंह पिता स्व. हीरालाल उम्र 26 वर्ष निवासी ग्राम कुम्दा बस्ती व धनु पिता बीरबल उम्र 35 वर्ष निवासी ग्राम बंशीपुर शामिल हैं।
आरोपियों को खदान में कॉपर केबल होने की जानकारी देकर वारदात में सहयोग करने वाले प्राइवेट ठेकेदार के कर्मचारी धनु सिंह को भी गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से जंगल किनारे छिपाकर रखा गया चोरी का 70 मीटर कॉपर केबल, घटना में प्रयुक्त तलवार व तब्बल को जब्त किया। एक अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है।

Share this post with:

AD R.O. No. - 13766/84

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web