CNIN News Network

शिवराज ने कहा कांग्रेस ने छत्तीसगढ को बर्बाद किया भाजपा ने संवारा

11 Sep 2026   14 Views

शिवराज ने कहा कांग्रेस ने छत्तीसगढ को बर्बाद किया भाजपा ने संवारा

Share this post with:

रायपुर। शुक्रवार को सक्ती जिले में आयोजित प्रधानमंत्री आवास गृह प्रवेश पंचायत पदाधिकारी लखपति दीदी सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने रायपुर पहुंचे केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने माना विमानतल पर मीडिया के साथ चर्चा करते हुए कहा कि तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने छत्तीसगढ़ को बर्बादी के कगार पर लाकर खड़ा कर दिया था।भाजपा सरकार के आने के बाद प्रदेश में विकास की बयार आई और छत्तीसगढ़ तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।
केंद्रीय कृषि मंत्री छत्तीसगढ की जनता की प्रशंसा करते हुए कहा कि यहां की जनता ने भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बहुत प्यार दिया है। आज प्रदेश में विकास की बयार बह रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने गरीबों को मकान का अधिकार दिया है। गरीबों के लिए 3 लाख 65 हजार से अधिक मकान स्वीकृत किए गए हैं। शिवराज ने बताया कि इन मकानों की स्वीकृति का पत्र मुख्यमंत्री को सौंपा जा रहा है।
केंद्रीय मंत्री ने पत्रकारों को जानकारी दी कि छत्तीसगढ़ में हर दिन करीब 1600 मकान पूरे हो रहे हैं। उन्होंने ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं का भी उल्लेख किया। उनके मुताबिक विकसित भारत और ग्रामीण विकास से जुड़े अभियानों में छत्तीसगढ़ का सहयोग मिल रहा है। वहीं खेत से सड़क योजना के तहत भी 36 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। ग्रामीण विकास विभाग की ओर से छत्तीसगढ़ के लिए सड़कों को भी मंजूरी दी गई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सेवा यात्रा का जिक्र करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश का स्वाभिमान बढ़ा है। भारत माता फिर से अंगड़ाई ले रही है और भारत विश्वगुरु बनने के पथ पर चल रहा है। उन्होंने नरेंद्र मोदी की तुलना स्वामी विवेकानंद से करते हुए कहा कि जो बातें नरेंद्र यानी स्वामी विवेकानंद ने कही थीं, उन्हीं बातों को नरेंद्र मोदी आगे बढ़ा रहे हैं।

Share this post with:

AD R.O. No. - 13997/18

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web