Share this post with:
रायपुर। छत्तीसगढ़ के शिक्षा विभाग में लापरवाही, अनुशासनहीनता और विभागीय निर्देशों की अनदेखी के मामलों में बड़ी कार्रवाई की गई है। विभाग ने अलग-अलग मामलों में एक सहायक शिक्षक, एक भृत्य, एक लेखापाल और एक सहायक ग्रेड-03 सहित कुल चार कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इन कर्मचारियों के खिलाफ स्कूल से अनुपस्थित रहने, ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं करने, विभागीय कार्यों में लापरवाही बरतने और सरकारी राशि के भुगतान में अनियमितता जैसे आरोप सामने आए हैं। संबंधित अधिकारियों और संस्था प्रमुखों से मिले प्रतिवेदनों, निरीक्षण रिपोर्ट और कारण बताओ नोटिस के जवाबों की समीक्षा के बाद यह कार्रवाई की गई है। निलंबन के आदेश छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 3 तथा छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9 के तहत जारी किए गए हैं। निलंबन अवधि के दौरान सभी संबंधित कर्मचारियों को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
पहली कार्रवाई शासकीय प्राथमिक शाला बीरूटोला, विकासखंड छुरिया में पदस्थ सहायक शिक्षक (एलबी) भेमसेन तारम के खिलाफ की गई है। प्राचार्य, भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय साल्हे और विकासखंड शिक्षा अधिकारी छुरिया की ओर से उनके खिलाफ प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया था। प्रतिवेदन के अनुसार, भेमसेन तारम पर संकुल व्हाट्सएप ग्रुप में बार-बार अभद्र, अशोभनीय और अमर्यादित संदेश भेजने का आरोप है। इसके अलावा शैक्षिक समन्वयक के निरीक्षण के दौरान उन्हें स्कूल से अनुपस्थित पाया गया था। बताया गया कि समझाइश देने के बावजूद उनके व्यवहार में सुधार नहीं हुआ। अनुपस्थिति को लेकर जारी स्पष्टीकरण पत्र का भी उन्होंने जवाब नहीं दिया। विभागीय रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया कि उनके इस व्यवहार और अनुपस्थिति के कारण दैनिक मध्यान्ह भोजन संचालन तथा छात्रवृत्ति से जुड़े कार्य प्रभावित हुए। इन मामलों को गंभीर कदाचरण मानते हुए विभाग ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, डोंगरगांव निर्धारित किया गया है।
दूसरी कार्रवाई शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुरगी, विकासखंड एवं जिला राजनांदगांव में पदस्थ भृत्य प्रमिला राय के खिलाफ की गई है। विभागीय आदेश के अनुसार, उन्हें 26 अक्टूबर 2026 को वीएसके एप में ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं करने के मामले में कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। नोटिस के जवाब में उन्होंने मोबाइल में एप अपडेट नहीं होने की बात कही थी। हालांकि विभाग ने उनके स्पष्टीकरण को संतोषजनक नहीं माना। एक अक्टूबर से 20 नवंबर 2026 के बीच 32 कार्य दिवसों के वीएसके एप रिकॉर्ड की जांच में 14 दिन अनुपस्थित और 18 दिन उपस्थित दर्ज पाए गए। जांच में यह भी सामने आया कि जिन 18 दिनों में उनकी उपस्थिति दर्ज हुई, उनमें से 13 दिन स्कूल के निर्धारित समय के बाद उपस्थिति दर्ज की गई थी। विभाग ने इसे ऑनलाइन उपस्थिति संबंधी निर्देशों की अवहेलना माना। इसके बाद प्रमिला राय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, राजनांदगांव निर्धारित किया गया है।
तीसरी कार्रवाई शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भैंसातरा, विकासखंड एवं जिला राजनांदगांव में पदस्थ लेखापाल मोरेश्वर गोसाई के खिलाफ हुई है। उन पर भी वीएसके एप में ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं करने का आरोप है। विभाग की ओर से 26 अक्टूबर 2026 को जारी पत्र के जवाब में उन्होंने रायपुर और दुर्ग में विभागीय कार्य से जाने का हवाला दिया था। हालांकि उपस्थिति दर्ज नहीं होने के संबंध में वह कोई ठोस अभिलेखीय प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सके। विभाग ने उनके जवाब को असंतोषजनक मानते हुए इसे विभागीय निर्देशों की अवहेलना और कर्तव्यों के प्रति लापरवाही माना। इसके बाद उन्हें भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, डोंगरगढ़ निर्धारित किया गया है।
चौथी कार्रवाई शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रेंगाकठेरा, विकासखंड डोंगरगढ़ में पदस्थ सहायक ग्रेड-03 अतुल कुमार सिन्हा के खिलाफ की गई है। उनके विरुद्ध विभाग ने कई गंभीर अनियमितताओं और लापरवाही के आरोप दर्ज किए हैं। विभागीय आदेश के अनुसार, अतुल कुमार सिन्हा 28 सितंबर 2026 से बिना पूर्व सूचना के अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित थे। इस संबंध में संस्था प्रमुख की ओर से स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन उन्होंने उसका जवाब भी प्रस्तुत नहीं किया। इसके अलावा उन पर विद्यालय के बिजली बिल की राशि 6530 रुपये का आहरण करने के बावजूद छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड में भुगतान नहीं करने का आरोप है।
विभागीय रिकॉर्ड के अनुसार वीएसके एप में ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं करने, छात्रवृत्ति से जुड़े कार्यों में प्रगति नहीं लाने और संबंधित दस्तावेज विद्यालय को नहीं सौंपने के मामले भी सामने आए हैं। इन सभी आरोपों को गंभीर मानते हुए विभाग ने अतुल कुमार सिन्हा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, छुरिया निर्धारित किया गया है।
Share this post with:
22 Nov 2026 14 Views
22 Nov 2026 35 Views
21 Nov 2026 164 Views
21 Nov 2026 183 Views
20 Nov 2026 289 Views
20 Nov 2026 273 Views
20 Nov 2026 294 Views
20 Nov 2026 308 Views
20 Nov 2026 280 Views