CNIN News Network

शिकायत के बाद गीदम नपं सीएमओ हुलसी प्रधान हटाई गईं, विनीत साव नए सीएमओ बने

01 Nov 2026   17 Views

शिकायत के बाद गीदम नपं सीएमओ हुलसी प्रधान हटाई गईं, विनीत साव नए सीएमओ बने

Share this post with:

दंतेवाड़ा। जिले में गीदम नगर पंचायत की मुख्य नगर पालिका अधिकारी हुलसी प्रधान को शिकायत के बाद शासन ने पद से हटा दिया है। छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग मंत्रालय की ओर से जारी तबादला आदेश में उन्हें मुख्य नगर पालिका अधिकारी के पद से हटाकर उनके मूल पद पर सुकमा के दोरनापाल वापस भेज दिया गया है। वहीं, सुकमा नगर पालिका में मुख्य नगर पालिका अधिकारी रहे लेखापाल विनीत साव को गीदम नगर पंचायत का नया मुख्य नगर पालिका अधिकारी नियुक्त किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार हुलसी प्रधान पिछले कुछ समय से गीदम नगर पंचायत में लगातार विवादों को लेकर चर्चा में थीं। उनके खिलाफ विशेष परिषद बैठक की कार्यवाही में गड़बड़ी और एक ही समय पर दो अलग-अलग बैठकों में मौजूदगी दर्ज होने के आरोप लगे थे। इस मामले में गौ पालक संघ के जिलाध्यक्ष दिनेश शर्मा ने शिकायत भी की थी। पूरा मामला 16 जून 2026 को गीदम नगर पंचायत में हुई परिषद की विशेष बैठक से जुड़ा है। शिकायतकर्ता दिनेश शर्मा के मुताबिक इसी दिन सुबह 10.30 बजे से दोपहर 12.40 बजे तक दंतेवाड़ा संयुक्त जिला कार्यालय में कलेक्टर की अध्यक्षता में समय-सीमा (टीएल) की बैठक आयोजित की गई थी। उनका दावा है कि इस बैठक में मुख्य नगर पालिका अधिकारी हुलसी प्रधान भी मौजूद थीं। वहीं नगर पंचायत की कार्यवाही पंजी में इसी दौरान सुबह करीब 11.30 बजे विशेष परिषद बैठक आयोजित होने और मुख्य नगर पालिका अधिकारी की ओर से परिषद के सामने प्रस्ताव रखे जाने की जानकारी दर्ज है।
ऐसे में शिकायतकर्ता ने सवाल उठाया कि जब मुख्य नगर पालिका अधिकारी टीएल की बैठक में मौजूद थीं, तो उसी समय गीदम नगर पंचायत की विशेष बैठक में उनकी मौजूदगी कैसे दर्ज हुई और उनके नाम से प्रस्ताव कैसे रखा गया? दिनेश शर्मा ने सूचना के अधिकार के तहत बैठक से जुड़े दस्तावेज और जानकारी हासिल की थी। इसके बाद उन्होंने गीदम थाने में लिखित शिकायत देकर नगर पंचायत अध्यक्ष रजनीश सुराना, मुख्य नगर पालिका अधिकारी हुलसी प्रधान और कुछ पार्षदों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है।

Share this post with:

AD R.O. No. - 14159/26

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web