CNIN News Network

शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतियों के निर्माण में जनगणना के आंकड़ों की महत्वपूर्ण भूमिका : संभागायुक्त नरेन्द्र कुमार दुग्गा

24 Oct 2026   10 Views

शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतियों के निर्माण में जनगणना के आंकड़ों की महत्वपूर्ण भूमिका : संभागायुक्त नरेन्द्र कुमार दुग्गा

Share this post with:

 

रायपुर : शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतियों के निर्माण में जनगणना के आंकड़ों की महत्वपूर्ण भूमिका : संभागायुक्त श्री नरेन्द्र कुमार दुग्गा

डिजिटल जनगणना 2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर चार्ज अधिकारियों का जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित

जनगणना में कोई भी व्यक्ति और परिवार छूटने न पाए, आंकड़ों की शुद्धता और सटीकता सुनिश्चित करने के निर्देश

संभागायुक्त ने आम नागरिकों से की जनगणना में सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने की अपील

रायपुर--

डिजिटल जनगणना 2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर चार्ज अधिकारियों का जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित

शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यक्रमों और नीतियों के प्रभावी निर्माण एवं क्रियान्वयन में जनगणना के आंकड़ों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। जनगणना से प्राप्त जानकारी के आधार पर विभिन्न क्षेत्रों की आवश्यकताओं का आकलन करने और विकास की प्राथमिकताएं निर्धारित करने में सहायता मिलती है। इसलिए जनगणना कार्य पूरी गंभीरता, सावधानी और जिम्मेदारी के साथ संपन्न किया जाना आवश्यक है। यह बात सरगुजा संभागायुक्त श्री नरेन्द्र कुमार दुग्गा ने शनिवार को अम्बिकापुर कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित डिजिटल जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में कही।

डिजिटल जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनसंख्या गणना कार्य की तैयारियों को लेकर आयोजित प्रशिक्षण में जिले के चार्ज अधिकारी, तहसीलदार एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी शामिल हुए। संभागायुक्त श्री दुग्गा ने अधिकारियों को जनगणना कार्य की महत्ता से अवगत कराते हुए कहा कि जनगणना के दौरान प्रत्येक व्यक्ति और परिवार की जानकारी का सही एवं सटीक संकलन सुनिश्चित किया जाए। इस कार्य में विशेष सावधानी बरती जाए, ताकि कोई भी व्यक्ति अथवा घर गणना से वंचित न रह जाए। उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़े शासन को शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार, अधोसंरचना विकास सहित विभिन्न क्षेत्रों में योजनाएं तैयार करने और संसाधनों के बेहतर प्रबंधन में सहायता प्रदान करते हैं।

संभागायुक्त श्री दुग्गा ने सभी चार्ज अधिकारियों को जनगणना संबंधी दिशा-निर्देशों का गंभीरता से अध्ययन करने और निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य से जुड़े प्रत्येक अधिकारी को निर्देश पुस्तिका की पूरी जानकारी होनी चाहिए। प्रशिक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की शंका अथवा तकनीकी समस्या का समाधान मास्टर ट्रेनर्स से प्राप्त कर लिया जाए, ताकि मैदानी स्तर पर कार्य के दौरान किसी प्रकार की कठिनाई न हो। उन्होंने अधिकारियों से प्रशिक्षण में सक्रिय सहभागिता निभाने और जनगणना कार्य से संबंधित सभी पहलुओं को भलीभांति समझने को कहा।

संभागायुक्त ने सरगुजा संभाग में जनगणना के प्रथम चरण के दौरान किए गए कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने जिम्मेदारीपूर्वक कार्य किया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि द्वितीय चरण में भी इसी प्रतिबद्धता और समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनगणना को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों के संकलन की प्रक्रिया नहीं, बल्कि भविष्य की विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी नीतियों के लिए महत्वपूर्ण आधार तैयार करने का कार्य है।

श्री दुग्गा ने आम नागरिकों से भी जनगणना कार्य में सक्रिय सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनगणना के द्वितीय चरण में प्रगणकों द्वारा घर-घर पहुंचकर जनसंख्या संबंधी जानकारी दर्ज की जाएगी। नागरिक प्रगणकों को अपने परिवार से संबंधित सही, पूर्ण एवं तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध कराएं, जिससे जनगणना के आंकड़ों की विश्वसनीयता और शुद्धता सुनिश्चित हो सके।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना निदेशालय, नवा रायपुर से आए मास्टर ट्रेनर्स ने कम्प्यूटर आधारित प्रस्तुतिकरण (पीपीटी) के माध्यम से चार्ज अधिकारियों को जनगणना की प्रक्रिया, आवश्यक दिशा-निर्देशों तथा डिजिटल माध्यम से जानकारी संकलित करने के संबंध में विस्तृत प्रशिक्षण दिया। इस दौरान अधिकारियों को जनसंख्या गणना कार्य के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई तथा उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।
प्रशिक्षण में अपर कलेक्टर श्री प्रताप विजय खेस्स, अनुविभागीय दण्डाधिकारी अम्बिकापुर श्री बनसिंह नेताम, उदयपुर श्री रामराज सिंह, सीतापुर सुश्री प्राची ठाकुर, डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्रिंसी तम्बोली एवं सुश्री सुष्मिता टोंड्रे सहित जिले के तहसीलदार, मुख्य नगर पालिका अधिकारी तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।:

Share this post with:

AD R.O. No. - 14099/21

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web