Share this post with:
जगदलपुर। बस्तर जिले के दरभा ब्लॉक के मादरकोंटा गांव की मांदरकोंटा गुफा प्रकृति की अनूठी कारीगरी का उदाहरण है। इसी प्राकृतिक संसार को करीब से समझने के लिए गुारूवर को शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय के एमए तृतीय सेमेस्टर (भूगोल) के विद्यार्थियों ने मांदरकोंटा गुफा का एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण किया। भूगोल अध्ययनशाला के विभागाध्यक्ष प्रोफेसर एमएस मिश्रा के निर्देशन में आयोजित इस भ्रमण का नेतृत्व डॉ. राकेश कुमार खरवार ने किया।
मांदरकोंटा गुफा के भीतर विद्यार्थियों को भूगोल की किताबों में पढ़ी जाने वाली कई महत्वपूर्ण भू-आकृतिक संरचनाओं को प्रत्यक्ष देखने का अवसर मिला। यहां चूना पत्थर से बनी स्टैलेक्टाइट यानी छत से लटकती संरचनाएं और स्टैलेग्माइट यानी जमीन से ऊपर उठती संरचनाएं विशेष आकर्षण का केंद्र हैं। इनके अलावा कंदरा स्तंभ और लैपीज जैसी आकृतियां भी मौजूद हैं।
दरअसल, चूना पत्थर की चट्टानों में पानी का रिसाव और उसमें घुली कार्बन डाइऑक्साइड के साथ होने वाली रासायनिक प्रक्रिया धीरे-धीरे इन अनोखी संरचनाओं को आकार देती है। पानी की बूंदों के साथ आने वाले खनिज पदार्थ गुफा की छत और फर्श पर जमा होते रहते हैं। लंबे समय में यही जमाव पत्थर की खूबसूरत आकृतियों और स्तंभों का रूप ले लेता है। गुफा की चट्टानी संरचनाएं इस प्राकृतिक प्रक्रिया को और भी आकर्षक बनाती हैं। मांदरकोंटा गुफा की कहानी भी कम दिलचस्प नहीं है। स्थानीय वाद्य यंत्र मांदर के नाम पर पहचान पाने वाली इस गुफा की खोज वर्ष 1947 में लखमा सोढ़ी नामक ग्रामीण ने की थी। लंबे समय तक इसकी जानकारी मुख्य रूप से आस-पास के ग्रामीणों तक ही सीमित रही। वर्ष 2020 के आस-पास यह गुफा व्यापक रूप से चर्चा में आई और धीरे-धीरे पर्यटकों की आवाजाही बढऩे लगी। गुफा को पर्यटन से जोडऩे के लिए स्थानीय युवाओं की पर्यटन समिति भी बनाई गई थी। यहां आने वाले पर्यटकों को स्थानीय युवा गुफा की सैर कराने के साथ आस-पास के प्राकृतिक परिवेश से भी परिचित कराते रहे हैं। वर्ष 2023 में यहां फ्रांस और जर्मनी के पर्यटकों सहित छह विदेशी पर्यटकों के पहुंचने की जानकारी भी सामने आई थी।
मांदरकोंटा गुफा तक पहुंचने के लिए जगदलपुर से सड़क मार्ग का इस्तेमाल किया जा सकता है। जगदलपुर से केशलूर चौक होते हुए नेगानार की ओर जाना होता है। इसके बाद चिड़पाल, चिकलकोटा और धुरवारास होते हुए मादरकोंटा गांव पहुंचा जा सकता है।गांव से आगे स्थानीय रास्ते के जरिए गुफा तक पहुंचा जाता है। जगदलपुर से इसकी दूरी करीब 35 से 40 किलोमीटर बताई जाती है। जंगल और गुफा के भीतर की प्राकृतिक बनावट को देखते हुए स्थानीय गाइड की सहायता से भ्रमण करना बेहतर है।
मांदरकोंटा गुफा की विशेषता केवल इसकी भूगर्भीय संरचनाएं नहीं हैं। यह स्थानीय आदिवासी समुदाय की परंपराओं और आस्था से भी जुड़ी हुई है। यहां पारंपरिक पूजा-अर्चना और जात्रा का आयोजन किया जाता है। इस तरह यह गुफा प्राकृतिक विरासत के साथ बस्तर की सांस्कृतिक पहचान को भी अपने भीतर समेटे हुए है।
विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए यह भ्रमण केवल पर्यटन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि प्राकृतिक भू-आकृतियों के निर्माण, चूना पत्थर की विशेषताओं और स्थानीय भौगोलिक परिस्थितियों को समझने का व्यावहारिक अवसर बना। बस्तर के जंगलों में मौजूद ऐसी प्राकृतिक धरोहरें यह बताती हैं कि इस अंचल की पहचान केवल जलप्रपातों और घने जंगलों तक सीमित नहीं, बल्कि धरती के भीतर छिपे अद्भुत संसार तक फैली हुई है।
Share this post with:
25 Nov 2026 268 Views
25 Nov 2026 258 Views
24 Nov 2026 418 Views
23 Nov 2026 427 Views
21 Nov 2026 666 Views
21 Nov 2026 734 Views