CNIN News Network

वरिष्ठ पत्रकार स्व. पंकज शर्मा की प्रतिमा का अनावरण 6 अक्टूबर को

03 Oct 2026   11 Views

वरिष्ठ पत्रकार स्व. पंकज शर्मा की प्रतिमा का अनावरण 6 अक्टूबर को

Share this post with:

00 स्वर्गीय पंकज शर्मा : पत्रकारिता के समर्पित हस्ताक्षर
रायपुर। रायपुर की पत्रकारिता परंपरा को समृद्ध करने वाले वरिष्ठ पत्रकारों में स्वर्गीय पंकज शर्मा का विशिष्ट स्थान रहा है। हिंदी पत्रकारिता के इस समर्पित हस्ताक्षर की स्मृति को स्थायी रूप देने के लिए उनकी प्रतिमा का अनावरण समारोह 6 अक्टूबर को पंकज गार्डन, खो-खो पारा, रायपुर में आयोजित किया जा रहा है।
समारोह के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री श्री विजय शर्मा होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल करेंगे। इस अवसर पर स्व. पंकज शर्मा के परिजन एवं विधायक श्री अनुज शर्मा सहित विधायकगण और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे। यह आयोजन रायपुर प्रेस क्लब, अखंड ब्राह्मण समाज छत्तीसगढ़ एवं विप्र सांस्कृतिक भवन प्रबंधन समिति के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
स्वर्गीय पंकज शर्मा ने अप्रैल 1956 में दैनिक नवभारत से पत्रकारिता की शुरुआत की। इसके बाद वे नई दुनिया के संपादकीय विभाग से जुड़े। दिल्ली पहुंचने के बाद उन्होंने भारत सरकार के प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो में सह-संपादक के रूप में कार्य किया तथा रक्षा मंत्रालय में वरिष्ठ अनुवादक के पद पर भी सेवाएं दीं। बाद में सरकारी सेवा से अलग होकर वे समाचार भारती के केंद्रीय कार्यालय में विशेष संवाददाता बने और जीवनपर्यंत पत्रकारिता को समर्पित रहे।

वरिष्ठ पत्रकार स्व. पंकज शर्मा की प्रतिमा का अनावरण 6 अक्टूबर को

विशेष संवाददाता के रूप में उन्होंने अपनी प्रतिभा, अध्ययनशीलता, संवाद क्षमता और प्रभावशाली लेखन से हिंदी पत्रकारिता को नई दिशा दी। तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. जाकिर हुसैन, प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं के साथ देश के विभिन्न हिस्सों की यात्राओं का अवसर उन्हें मिला। उनके संवाद और लेखन ने पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई तथा उन्होंने अनेक पत्रकारों को प्रभावित किया।
पत्रकारिता के साथ स्व. पंकज शर्मा की वाद-विवाद प्रतियोगिताओं और युवा गतिविधियों में भी गहरी रुचि थी। रायपुर के वाद-विवाद मंचों पर उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई और अखिल भारतीय वाद-विवाद प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
1968 में हाईजेस्ट छात्रवृत्ति पर विश्व प्रेस संस्थान (WPI) के तत्वावधान में अमेरिका में विशेष पत्रकारिता प्रशिक्षण के लिए उनका चयन हुआ। उपलब्ध विवरण के अनुसार वे इस छात्रवृत्ति पर अमेरिका जाने वाले प्रथम हिंदी भाषी पत्रकार थे। यह उपलब्धि उस दौर की हिंदी पत्रकारिता के लिए भी महत्वपूर्ण थी।
स्वर्गीय पंकज शर्मा का निधन भी पत्रकारिता के दायित्व का निर्वहन करते हुए एक दुखद हादसे में हुआ। वे तत्कालीन राष्ट्रपति श्री वी.वी. गिरि के साथ भूटान के दौरे पर गए थे। इसी यात्रा के दौरान भूस्खलन के कारण हुए एक हादसे में उनका असामयिक निधन हो गया। उनका जीवन और असमय विदाई, दोनों ही पत्रकारिता के प्रति उनके समर्पण की स्मृति को आज भी जीवंत रखते हैं।
स्व. पंकज शर्मा की प्रतिमा का अनावरण उनके पत्रकारिता जीवन, लेखन प्रतिभा और हिंदी पत्रकारिता में उनके योगदान के प्रति सम्मान और स्मरण का अवसर है। रायपुर प्रेस क्लब ने प्रदेश के पत्रकारों एवं मीडिया प्रतिनिधियों से इस गरिमामय समारोह में सहभागिता की अपेक्षा की है।

Share this post with:

AD R.O. No. - 13997/18

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web