Share this post with:
00 स्वतंत्रता दौड़ में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, युवा और बच्चों ने लिया हिस्सा
00 नशामुक्त भारत और राष्ट्र निर्माण का लिया संकल्प
जशपुर। स्वतंत्रता दिवस के पूर्व जशपुर में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना से ओतप्रोत स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन किया गया। जशपुर जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस दौड़ में स्कूली बच्चों, युवाओं, जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतिभागियों के ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष से जशपुर शहर देशभक्ति के रंग में रंग गया।
स्वतंत्रता दौड़ का शुभारंभ जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत, नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत एवं कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने जयस्तंभ चौक स्थित जिला अस्पताल परिसर से हरी झंडी दिखाकर किया। सुबह 8 बजे प्रारंभ हुई दौड़ बस स्टैंड चौक होते हुए रणजीता स्टेडियम पहुंचकर संपन्न हुई।

आज के बच्चे ही कल का भविष्य, शिक्षा और संस्कार पर दें जोर: विधायक रायमुनी
स्वतंत्रता दौड़ में शामिल बच्चों और युवाओं का उत्साह बढ़ाते हुए विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने कहा कि आज के बच्चे ही देश का भविष्य हैं। उन्होंने कहा कि 14 अगस्त देश की आजादी की खुशी के साथ भारत विभाजन की पीड़ा को स्मरण करने का अवसर भी है। उन्होंने विभाजन के दौरान अपने प्रियजनों से बिछड़े लोगों और देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर बलिदानियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र भारत में नागरिकों को शिक्षा, रोजगार, व्यवसाय और अपनी प्रतिभा के अनुरूप आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध हैं। सशक्त और समृद्ध भारत के निर्माण के लिए बच्चों को अच्छी शिक्षा और संस्कारों पर ध्यान देना चाहिए तथा युवाओं को नशे से दूर रहकर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने का संकल्प लेना चाहिए।
स्वतंत्रता दौड़ के साथ नशामुक्त भारत का संदेश
कार्यक्रम के दौरान ‘नशामुक्त भारत’ अभियान के तहत जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों को नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की शपथ दिलाई गई। उपस्थित लोगों ने देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण रखने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प भी लिया।
स्वतंत्रता दौड़ ने जशपुर में देशभक्ति, सामाजिक एकता और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश देते हुए स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को नई ऊर्जा प्रदान की। बच्चों और युवाओं की बड़ी भागीदारी ने यह संदेश दिया कि राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में नई पीढ़ी की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष जशपुर श्री गंगाराम भगत, एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार, डीएफओ श्री शशि कुमार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी, युवा, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और नागरिक शामिल हुए। एनसीसी, स्काउट एवं गाइड, राष्ट्रीय सेवा योजना, रेडक्रॉस, पुलिस बल, वन विभाग, विभिन्न खेल संघों तथा मीडिया प्रतिनिधियों ने भी स्वतंत्रता दौड़ में सहभागिता की।
Share this post with:
15 Aug 2026 27 Views
14 Aug 2026 20 Views