Share this post with:
बिलासपुर। वंदे मातरम् गीत की 150वीं वर्षगांठ एवं स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित राष्ट्रव्यापी कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर द्वारा 15 अगस्त की संध्या बिलासपुर रेलवे स्टेशन के वीआईपी गेट नंबर-2 के समक्ष स्थित डोम परिसर में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की ब्रास बैंड टीम द्वारा भव्य एवं मनमोहक बैंड डिस्प्ले का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में आरपीएफ बैंड टीम ने देशभक्ति से ओत-प्रोत लोकप्रिय राष्ट्रभक्ति गीतों एवं मधुर देशभक्ति धुनों की शानदार प्रस्तुतियां देकर उपस्थित यात्रियों एवं नागरिकों में राष्ट्रप्रेम की भावना का संचार किया। बैंड टीम द्वारा वंदे मातरम्, दिल दिया है जान भी देंगे, ऐ वतन ऐ वतन हमको तेरी कसम, कदम कदम बढ़ाए जा, ऐ मेरे वतन के लोगों, आओ बच्चों तुम्हें दिखाएँ झांकी हिंदुस्तान की, ये देश है वीर जवानों का तथा सारे जहाँ से अच्छा सहित अनेक लोकप्रिय देशभक्ति गीतों एवं धुनों की प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम के समापन पर राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान की प्रस्तुति के साथ वातावरण देशभक्ति और राष्ट्रगौरव की भावना से गुंजायमान हो उठा।
इस अवसर पर तरुण प्रकाश, महाप्रबंधक, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। श्रीमती मीनाक्षी शर्मा, अध्यक्षा, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन, बिलासपुर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इनके साथ महानिरीक्षक-सह-प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त/रेसुब/बिलासपुर, उप महानिरीक्षक-सह-मुख्य सुरक्षा आयुक्त, मुख्यालय एवं मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी तथा वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त/रेसुब/बिलासपुर सहित रेलवे सुरक्षा बल, शासकीय रेलवे पुलिस, रेलवे कर्मचारी, यात्री एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
आरपीएफ बैंड की जोशीली एवं देशभक्ति से परिपूर्ण प्रस्तुतियों ने बिलासपुर रेलवे स्टेशन परिसर के वातावरण को राष्ट्रप्रेम, उत्साह और देशभक्ति की भावना से सराबोर कर दिया। यात्रियों एवं स्थानीय नागरिकों ने कार्यक्रम का उत्साहपूर्वक आनंद लिया तथा बैंड टीम की शानदार प्रस्तुतियों की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान रेलवे परिसर में सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित रही तथा संपूर्ण कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुआ।
Share this post with:
15 Aug 2026 31 Views