Share this post with:
* -वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों में 1 नवंबर से नया मेन्यू लागू
नईदिल्ली। भारतीय रेलवे ने वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों में यात्रियों को परोसे जाने वाले खाने के मेन्यू में आईआरसीटीसी बड़ा बदलाव किया है। अब यात्रियों को नाश्ते, लंच और डिनर में पहले के मुकाबले कम विकल्प मिलेंगे।
भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) ने खाने की गुणवत्ता और शुद्धता बेहतर बनाने के उद्देश्य से मेन्यू छोटा करने का फैसला लिया है। इसके तहत एक थाली में पहले मिलने वाले 8 से 10 आइटम की जगह अब केवल 4 आइटम परोसे जाएंगे।
आईआरसीटीसी ने नई दिल्ली-वाराणसी, मुंबई-बेंगलुरु और हावड़ा-कामाख्या तीनों वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों में नया मेन्यू लागू कर दिया है। इस बदलाव के तहत खाने की थाली से कई व्यंजनों को हटा दिया गया है।
अधिकारियों के मुताबिक, यात्रियों की ओर से खाने की गुणवत्ता और शुद्धता को लेकर शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों को ध्यान में रखते हुए व्यंजनों की संख्या कम करने का निर्णय लिया गया है। रेलवे अब कम आइटम के जरिए भोजन की गुणवत्ता पर बेहतर निगरानी रखना चाहता है।
नए मेन्यू में नाश्ते के कई लोकप्रिय विकल्पों को शामिल नहीं किया गया है। अब यात्रियों को ऑमलेट, ऑमलेट सैंडविच, वेज सैंडविच, छाछ और चॉकलेट नहीं मिलेगी। इसके बजाय नाश्ते में यात्रियों को इडली-वड़ा, पोहा या उपमा में से कोई एक विकल्प दिया जाएगा। इडली-वड़ा के साथ चटनी और सांभर भी मिलेगा।
दोपहर और रात के खाने के मेन्यू में भी बदलाव किया गया है। पहले भोजन की थाली में मिलने वाली सूखी सब्जी, दही, सलाद, अचार और मिठाई को हटा दिया गया है। अब यात्रियों को लंच और डिनर में चपाती, चावल, दाल और एक मुख्य सब्जी मिलेगी। नॉनवेज खाने वाले यात्रियों के लिए चिकन का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा।
मेन्यू में आइटम कम होने का असर खाने की कुल मात्रा पर भी पड़ा है। पहले एक मील का वजन करीब 700 से 750 ग्राम होता था, जो अब घटकर 450 से 500 ग्राम रह गया है।
आईआरसीटीसी अधिकारियों का कहना है कि प्रत्येक व्यंजन की निर्धारित मात्रा पहले जैसी ही रखी जाएगी। बदलाव केवल थाली में परोसे जाने वाले आइटम की संख्या में किया गया है। इसी वजह से कुल भोजन का वजन कम हुआ है।
खाने की गुणवत्ता सुधारने के लिए भोजन तैयार करने की व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। अब रेलवे के पुराने वेंडर्स की जगह बड़े क्लाउड किचन के जरिए खाना तैयार कराया जाएगा।
Share this post with:
25 Nov 2026 19 Views
25 Nov 2026 19 Views
24 Nov 2026 112 Views
23 Nov 2026 143 Views
21 Nov 2026 368 Views
21 Nov 2026 430 Views