CNIN News Network

लोरमी के डबरी पारा तालाब का होगा कायाकल्प, किनारों पर पाथवे, बेंच और घाट बनेंगे

29 Oct 2026   3 Views

लोरमी के डबरी पारा तालाब का होगा कायाकल्प, किनारों पर पाथवे, बेंच और घाट बनेंगे

Share this post with:


00 मिशन अमृत से 2.57 करोड़ की लागत से जीर्णोद्धार, सफाई और जल गुणवत्ता सुधार के होंगे काम
रायपुर। सुबह-शाम टहलने के लिए तालाब किनारे पाथवे, बैठने के लिए बेंच, लोगों की सुविधा के लिए तीन घाट और परिसर में बेहतर रोशनी के लिए स्ट्रीट लाइट... लोरमीवासियों का यह सपना जल्द पूरा होने जा रहा है। उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव की पहल पर लोरमी के डबरी पारा तालाब के जीर्णोद्धार से नागरिकों को शीघ्र ये सुविधाएं मिलेंगी। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के राज्य शहरी विकास अभिकरण द्वारा इसके लिए दो करोड़ 57 लाख 62 हजार रुपए मंजूर किए गए हैं। इस राशि से तालाब की सफाई और गहरीकरण के साथ पानी की गुणवत्ता सुधारने तथा बारिश व अतिरिक्त पानी की सुरक्षित निकासी के कार्य किए जाएंगे।
मिशन अमृत 2.0 के तहत डबरी पारा तालाब की सफाई और पुनर्जीवन के साथ बेहतर जल निकासी, जल गुणवत्ता सुधार, हरियाली, प्रकाश व्यवस्था तथा नागरिक सुविधाओं का विकास कर पूरे परिसर को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाया जाएगा। तालाब का कुल परियोजना क्षेत्र 7026 वर्गमीटर है, जिसमें 4615 वर्गमीटर जल क्षेत्र शामिल है। डबरी पारा तालाब के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण के कार्य को 9 महीनों में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। निर्माण पूरा होने के बाद पांच वर्ष का संचालन-संधारण भी परियोजना में शामिल है।
परियोजना के अंतर्गत डबरी पारा तालाब के आसपास नागरिकों के चलने और घूमने के लिए पाथवे बनाया जाएगा। लोगों की सुविधा के लिए तीन घाटों का निर्माण होगा। किनारों को सुरक्षित और मजबूत बनाने के लिए आरसीसी रिटेनिंग वॉल बनाई जाएगी। परिसर में बेंच लगने से लोगों को बैठने की सुविधा मिलेगी। सोलर स्ट्रीट लाइट से बेहतर रोशनी की व्यवस्था की जाएगी। हरियाली और इन सुविधाओं के विकास से तालाब परिसर सुंदर और सुव्यवस्थित होगा। तालाब के पुनरुद्धार के लिए गहरीकरण, डी-सिल्टिंग, साफ-सफाई और जलकुंभी निकालने के काम भी किए जाएंगे। पानी के लिए बोरवेल और पंप लगाया जाएगा। परिसर में नागरिक सुविधाएं विकसित करने के साथ तालाब की सफाई एवं पुनर्जीवन के कार्य भी किए जाएंगे।

Share this post with:

AD R.O. No. - 14099/21

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web