CNIN News Network

रोटरी क्लब ने जगदलपुर से दंतेवाड़ा जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए शुरू की नि:शुल्क बस सेवा

11 Oct 2026   8 Views

रोटरी क्लब ने जगदलपुर से दंतेवाड़ा जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए शुरू की नि:शुल्क बस सेवा

Share this post with:


जगदलपुर। बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी के दर्शन के लिए दंतेवाड़ा जाने वाले श्रद्धालुओं और आम यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रोटरी क्लब जगदलपुर ने एक सराहनीय और जनहितैषी पहल की है। सामाजिक सरोकार के तहत क्लब द्वारा प्रोजेक्ट आशा के माध्यम से जगदलपुर से दंतेवाड़ा के बीच नि:शुल्क बस सेवा की शुरुआत की गई है। रविवार को जगदलपुर स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर में महापौर संजय पांडे एवं राजपरिवार के सदस्य कमल चंद्र भंजदेव की उपस्थिति में हरी झंडी दिखाकर इस बस सेवा का शुभारंभ किया गया।
वर्तमान में जगदलपुर से दंतेवाड़ा के बीच सीमित रेल सेवाएं संचालित होने के कारण यात्रियों और श्रद्धालुओं को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इसी समस्या के समाधान और आस्थावान श्रद्धालुओं की यात्रा को सुगम बनाने के उद्देश्य से रोटरी क्लब ने इस वैकल्पिक परिवहन सेवा की नींव रखी है। यह नि:शुल्क बस सेवा 11 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक निरंतर जारी रहेगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बसों का संचालन निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार किया जाएगा। जगदलपुर (माँ दंतेश्वरी मंदिर परिसर) से दंतेवाड़ा पहली बस: सुबह 7 बजे, दूसरी बस दोपहर 2 बजे जायेगी। दंतेवाड़ा (माँ दंतेश्वरी मंदिर परिसर) से जगदलपुर पहली बस: सुबह 10 बजे, दूसरी बस: शाम 5 बजे वापस पंहुचेगी।
रोटरी क्लब के सचिव रोटेरियन अंकित गोयल ने यात्रा से जुड़े एक महत्वपूर्ण नियम को स्पष्ट करते हुए बताया कि यह बस सेवा केवल एक तरफा यात्रा के रूप में उपलब्ध है। जगदलपुर से दंतेवाड़ा जाने वाले यात्रियों को उसी बस से वापस जगदलपुर लाने की कोई बाध्यता या व्यवस्था नहीं होगी। यात्रियों को अपनी वापसी की व्यवस्था स्वयं करनी होगी। इसी प्रकार, दंतेवाड़ा से जगदलपुर आने वाली बसें केवल निर्धारित समय पर चलेंगी, इसे पहले गए यात्रियों की सुनिश्चित वापसी सेवा न माना जाए।

Share this post with:

AD R.O. No. - 14099/21

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web