CNIN News Network

रिश्वत लेते पकड़ी गई जीएसटी अफसर आंचला गिरी निलंबित

22 Nov 2026   24 Views

रिश्वत लेते पकड़ी गई जीएसटी अफसर आंचला गिरी निलंबित

Share this post with:

 

जगदलपुर। कबाड़ से भरे ट्रक को छोडऩे के एवज में कारोबारी से करीब डेढ़ लाख रूपये रिश्वत वसूलने वाली जीएसटी की असिस्टेंट कमिश्नर आंचला गिरी को राज्य कर विभाग ने निलंबित कर दिया है। निलंबन काल के लिए उन्हें जगदलपुर जिला मुख्यालय में अटैच कर दिया गया है। इस संबंध में विधिवत आदेश भी जारी कर दिया गया है। फिलहाल आरोपी असिस्टेंट कमिश्नर आंचला गिरी  एसीबी की गिरफ्त में है। एसीबी ने ट्रैप कार्यवाही करते हुए कल दोपहर असिस्टेंट कमिश्नर आंचला गिरी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। अंबिकापुर की रहने वाली आंचला गिरी 2024 बैच की अधिकारी है।

दरअसल छत्तीसगढ़ के कांकेर में भ्रष्टाचार के खिलाफ  एसीबी ने शनिवार को बड़ी कार्यवाही की थी। एसीबी की टीम ने जीएसटी की असिस्टेंट कमिश्नर आंचला गिरी को गिरफ्तार किया था। उन पर डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप है। बताया गया है कि महिला अधिकारी ने कबाड़ से भरे ट्रक को छोडऩे के बदले व्यापारी से रिश्वत मांगी थी। कार्रवाई के दौरान अधिकारी ने एसीबी की टीम को देखते ही रिश्वत की रकम नाली में फेंक दी थी। हालांकि टीम ने तत्परता दिखाते हुए रकम बरामद कर लिया था। इस मामले में अधिकारी के एक सहयोगी इमरान को भी गिरफ्तार किया गया है।

शिकायतकर्ता व्यापारी शोएब ने मामले की शिकायत की थी। उसने बताया कि, 18 नवंबर को जीएसटी अधिकारियों ने माकड़ी के पास उनके ट्रक को रोक लिया था। ट्रक में कबाड़ भरा हुआ था। व्यापारी के पास उससे जुड़े वैध दस्तावेज भी मौजूद थे। इसके बावजूद जीएसटी अधिकारी ने कार्रवाई करने की धमकी दी। उन्होंने 10 लाख रुपये की मांग की थी। बाद में डेढ़ लाख रुपये में सौदा तय हुआ। जीएसटी अधिकारी की रिश्वत की मांग से शोएब परेशान था। उसने एसीबी से इसकी शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ता शोएब रिश्वत नहीं देना चाहता था बल्कि आरोपी अफसर को रंगे हाथ पकड़वाना चाहता था। शिकायत की जांच के बाद एसीबी अधिकारी को ट्रैप करने की योजना बनाई। इसके लिए व्यापारी को केमिकल लगे नोट दिए गए। शनिवार दोपहर व्यापारी रिश्वत की रकम लेकर महिला अधिकारी के निवास पहुंचा,पीछे से पहुंची एसीबी की टीम ने अपनी कार्रवाई पूरी कर ली।

Share this post with:

AD R.O. No. - 14159/26

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web