CNIN News Network

राहुल गांधी युवाओं के मुद्दों की आड़ में अराजकता फैलाने का षड्यंत्र रच रहे : शर्मा

11 Aug 2026   6 Views

राहुल गांधी युवाओं के मुद्दों की आड़ में अराजकता फैलाने का षड्यंत्र रच रहे : शर्मा

Share this post with:


00 नीट परीक्षा पेपर लीक और झारखण्ड के युवा आन्दोलन को लेकर राहुल गांधी, कांग्रेस और विपक्ष के दोहरे राजनीतिक चरित्र पर उप मुख्यमंत्री शर्मा ने बोला तीखा हमला
00 उप मुख्यमंत्री शर्मा की राहुल गांधी को खुली चुनौती : जब संसद/सदन में इस विषय पर विस्तृत चर्चा हो तो वह अपनी पुरानी आदत के अनुसार गायब न हों
रायपुर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री/गृह मंत्री विजय शर्मा ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और विपक्ष की भूमिका पर जोरदार हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी युवाओं के मुद्दों की आड़ में देश में अराजकता और भ्रम फैलाने का षड्यंत्र रच रहे हैं। श्री शर्मा ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार युवाओं और जनता के मुद्दों पर बेहद संवेदनशील है, जबकि राहुल गांधी सिर्फ राजनीतिक रोटियाँ सेंकने के लिए विरोध प्रदर्शनों का सहारा ले रहे हैं। श्री शर्मा मंगलवार को यहाँ अपने नया रायपुर स्थित निवास पर आहूत महती पत्रकार वार्ता को सम्बोधित कर रहे थे।
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि देश में लोकतंत्र के तहत शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना हर नागरिक का अधिकार है और सरकार ऐसे प्रदर्शनों का स्वागत करती है। लेकिन जब प्रदर्शनों के नाम पर राष्ट्रीय सम्पत्ति को नुकसान पहुँचाया जाता है या भारत के पड़ोसी देशों (जैसे नेपाल, बांग्लादेश या पाकिस्तान) जैसी अस्थिर परिस्थितियों को भारत में निर्मित करने का गर्हित एजेण्डा चलाने का प्रयास किया जाता है, तो यह अत्यन्त चिंताजनक और अस्वीकार्य हो जाता है। राहुल गांधी और उनका दल लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं से नरेंद्र मोदी सरकार को हरा नहीं पा रहे हैं, इसलिए वे देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। नीट परीक्षा के पेपर लीक प्रकरण पर बोलते हुए श्री शर्मा ने कहा कि परीक्षा का पेपर लीक होना एक दु:खद घटना थी, जिससे युवाओं में स्वाभाविक आक्रोश आया। युवाओं के इस विरोध-प्रदर्शन का स्वागत करते हुए केंद्र सरकार ने इस पर बेहद संजीदा और संवेदनशील रुख अपनाया। एक जज की टिप्पणी के बाद मेहनतकश केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे से लेकर सदन में चर्चा और सख्त नए कानून लाने तक सरकार ने हर वह कदम उठाया जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं पर पूरी तरह रोक लग सके। इसके बावजूद, जब सरकार हर विषय पर खुलकर चर्चा करने और कड़े कानून बनाने के लिए तैयार है, तब राहुल गांधी और विपक्ष चर्चा से भागकर केवल माहौल बिगाड़ने का काम कर रहे हैं।
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने झारखण्ड के छात्र आन्दोलन के परिप्रेक्ष्य में राहुल गांधी के दोहरे राजनीतिक चरित्र पर सवाल उठाते हुए कहा कि वे खुद को युवाओं की आवाज बताते हैं, लेकिन गैर-भाजपा शासित राज्यों के मुद्दों पर चुप्पी साध लेते हैं। झारखण्ड में जहाँ कांग्रेस गठबंधन की सरकार है, वहाँ जेपीएससी (झारखण्ड लोक सेवा आयोग) और जेएसएससी (झारखण्ड कर्मचारी चयन आयोग), दोनों के पेपर लीक हुए और परीक्षाएँ रद्द करनी पड़ीं। इसे लेकर झारखण्ड में युवा सड़कों पर आंदोलनरत हैं, लेकिन राहुल गांधी वहाँ पूरी तरह 'नदारद' हैं। इससे साफ होता है कि जहाँ अपनी सरकार है, वहाँ मौन रहना और जहाँ भाजपा सरकार है, वहाँ राजनीति व विरोध प्रदर्शन करना— यही राहुल गांधी की नीति है। श्री शर्मा ने याद दिलाया कि प्रधानमंत्री श्री मोदी जनता और युवाओं के प्रति सदैव संजीदा रहते हैं। जब किसानों ने तीन कृषि कानूनों का विरोध किया था, तब सरकार ने अपनी संवेदनशीलता का परिचय देते हुए उन तीनों कानूनों को वापस ले लिया था। इससे यह सिद्ध होता है कि केंद्र सरकार कभी हठधर्मिता नहीं दिखाती, बल्कि जन-भावनाओं का सम्मान करती है। श्री शर्मा ने सदन में चर्चा से भागने की विपक्ष की आदत पर कटाक्ष कर राहुल गांधी को चुनौती दी कि जब संसद/सदन में इस विषय पर विस्तृत चर्चा होगी, तो वे अपनी पुरानी आदत के अनुसार गायब न हों और जवाब का सामना करें।
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने छत्तीसगढ़ विधानसभा के अनुभवों का हवाला देते हुए भी विपक्ष के रवैये की पोल खोली। जब छत्तीसगढ़ के सदन में नक्सलवाद जैसे गम्भीर विषय पर चर्चा रखी गई, तो विपक्ष गायब (नदारद) हो गया। जब आदिवासी बहुल इलाकों में धर्म परिवर्तन के कारण खड़े हो रहे वर्ग-संघर्ष को रोकने के लिए 'छत्तीसगढ़ धर्म स्वतंत्रता अधिनियम 2026' लाया गया, तब भी विपक्ष चर्चा से भाग खड़ा हुआ। श्री शर्मा ने कहा कि आज हमारे समाज और देश को मीडिया की बहुत आवश्यकता है। मीडिया राहुल गांधी और विपक्ष के इस 'अराजकतावादी एजेंडे' तथा दोहरे रवैये को जनता और युवाओं के सामने उजागर करे। जनता और विशेषकर नौजवानों के बीच इस पूरे घटनाक्रम की असलियत और तथ्यों को ले जाना बेहद जरूरी है, ताकि देश की जनता विपक्ष के इस अराजक एजेण्डे को समझ सके।
पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश मीडिया संयोजक हेमंत पाणिग्रही, प्रदेश प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास, अनुराग अग्रवाल, डॉ. किरण बघेल, कवर्धा जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी प्रसाद उपस्थित रहे।

Share this post with:

AD R.O. No. - 13944/16

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web