Share this post with:
जगदलपुर। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 2 जगदलपुर में 1 सीजी गर्ल्स बटालियन एनसीसी परचनपाल के तत्वावधान में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में गरिमामय माहौल में मनाई गई। यह आयोजन कमान अधिकारी कर्नल सुशील कुमार राणा के मार्गदर्शन एवं आदेशानुसार संपन्न हुआ। पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन एनसीसी अधिकारी कैप्टन हेमपुष्पा लता ध्रुव द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को अक्षुण रखने के संकल्प के साथ शपथ ग्रहण समारोह से हुआ, जिसमें सभी कैडेटों और विद्यालय परिवार ने देश सेवा की शपथ ली। बौद्धिक सत्र के दौरान संस्था के वरिष्ठ व्याख्याता शिव प्रताप चौहान ने सरदार वल्लभभाई पटेल के प्रेरक जीवन परिचय, उनके संघर्षों और 500 से अधिक रियासतों का विलय कर अखंड भारत के निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। इसके पश्चात विद्यालय के प्राचार्य ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय एकता दिवस के महत्व तथा आज के परिप्रेक्ष्य में आपसी सौहार्द और एकजुटता की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में एनसीसी कैडेटों द्वारा एक विशाल जागरूकता रैली निकाली गई। हाथों में तख्तियां लिए कैडेटों ने एक भारत, श्रेष्ठ भारत और एकता की पहचान, सरदार वल्लभभाई का योगदान जैसे गगनभेदी नारों से पूरे परिसर व आसपास के क्षेत्र को गुंजायमान कर दिया। अवसर पर 01 सीजी गर्ल्स बटालियन के सूबेदार अजय राणा, नायब सूबेदार विनोद कुमार सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कैडेटों के उत्साहपूर्ण नारों और राष्ट्रभक्ति के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
Share this post with:
01 Nov 2026 11 Views
31 Oct 2026 35 Views
31 Oct 2026 26 Views
30 Oct 2026 39 Views
30 Oct 2026 45 Views