CNIN News Network

रायपुर रेलवे स्टेशन पर पेयजल गुणवत्ता की हुई जांच, पाया गया मानकों के अनुरूप

06 Oct 2026   13 Views

रायपुर रेलवे स्टेशन पर पेयजल गुणवत्ता की हुई जांच, पाया गया मानकों के अनुरूप

Share this post with:

00 स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में लगातार चलाया जा रहा है पेयजल गुणवत्ता जांच अभियान
रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्टेशनों पर पेयजल की गुणवत्ता की नियमित एवं सघन निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में रायपुर रेलवे स्टेशन पर प्रधान मुख्य चिकित्सा निदेशक, श्री देवेश कुमार के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा विशेष पेयजल गुणवत्ता जांच अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान रायपुर रेलवे स्टेशन के विभिन्न पेयजल स्थलों का निरीक्षण करते हुए पेयजल की गुणवत्ता की जांच की गई। इस दौरान भौतिक परीक्षण, अवशेष क्लोरीन एवं टी.डी.एस. की जांच के साथ-साथ आवश्यकतानुसार बैक्टीरियोलॉजिकल जांच हेतु पेयजल के नमूने भी एकत्रित किए गए। जांच के दौरान प्लेटफॉर्म क्रमांक 5 पर स्थित बसंती देवी जल सेवा केंद्र के पेयजल का भौतिक परीक्षण किया गया तथा अवशेष क्लोरीन एवं टी.डी.एस. की जांच की गई। जांच में पेयजल का नमूना निर्धारित जल गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पाया गया। उल्लेखनीय है कि उक्त जल सेवा केंद्र के पानी की पूर्व में भी 29.09.2026 एवं 01.10.2026 को जांच की गई थी, जिसमें भी पानी की गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप पाई गई थी।
इसी क्रम में प्लेटफॉर्म क्रमांक 5 पर स्थित नल क्रमांक 45 के पानी की भी जांच की गई, जिसमें पानी निर्धारित जल गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पाया गया। इसके अलावा प्लेटफॉर्म क्रमांक 1 के दुर्ग छोर पर स्थित वॉटर कूलर के पेयजल की गुणवत्ता की भी जांच की गई। वहीं, प्लेटफॉर्म क्रमांक 1 पर स्थित वाटर वेंडिंग मशीन से बैक्टीरियोलॉजिकल जांच हेतु पेयजल का नमूना संग्रहित किया गया। अभियान के दौरान केवल पेयजल की गुणवत्ता की जांच तक ही सीमित न रहते हुए पेयजल स्थलों की स्वच्छता, जल वितरण व्यवस्था, पानी की उपलब्धता, उपकरणों के रखरखाव तथा यात्रियों के लिए उपलब्ध आवश्यक सुविधाओं का भी बारीकी से निरीक्षण किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा पेयजल व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं का मौके पर जायजा लेकर आवश्यक सुधारात्मक उपायों पर भी ध्यान दिया गया।
प्रधान मुख्य चिकित्सा निदेशक के नेतृत्व में संचालित इस अभियान के दौरान संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पेयजल व्यवस्था की नियमित निगरानी, स्वच्छता बनाए रखने, जल गुणवत्ता के निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा यात्रियों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा यात्रियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्टेशनों पर पेयजल गुणवत्ता की सतत निगरानी की जा रही है। विभिन्न स्टेशनों पर समय-समय पर ऐसे विशेष जांच अभियानों के माध्यम से पेयजल की गुणवत्ता के साथ-साथ पेयजल स्थलों की स्वच्छता, रखरखाव एवं अन्य यात्री सुविधाओं की भी समीक्षा की जा रही है।

Share this post with:

AD R.O. No. - 14099/21

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web