Share this post with:
रायपुर। राजधानी रायपुर के चर्चित ड्रग्स तस्करी मामले में एनडीपीएस की स्पेशल कोर्ट ने 9 आरोपियों में से 3 आर्यन ठाकरे, नाइजीरियाई नागरिक इनोसेंट और शुभम सोनी को दोषी ठहराते हुए 20-20 साल कैद की सजा सुनाई है। वहीं बाकी 6 आरोपियों को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया गया है। यह फैसला न्यायाधीश शैलेष शर्मा की कोर्ट ने सुनाया। मामले में कुल 20 लोगों ने गवाही दी थी। इसकी जानकारी सरकारी वकील स्वाति शर्मा ने दी।
बताया गया कि आरोपी नाइजीरियन से ड्रग्स खरीदते थे जिसे हिमाचल के होटल से छत्तीसगढ़ में सप्लाई करते थे। दरअसल, टिकरापारा थाने में साल 2024 में दर्ज मामले में आरोपी शुभम सोनी के मेमोरेंडम बयान के आधार पर 8 लोगों को आरोपी बनाया गया था जिनमें आर्यन ठाकरे, नाइजीरियाई नागरिक इनोसेंट, ओयनका स्टीफेन, अमनदीप छाबड़ा, अभिषेक, लोकेश यादव और अशोक साहू के नाम शामिल थे। इस तरह मामले में कुल 9 आरोपी थे। पुलिस की जांच में रायपुर से हिमाचल प्रदेश के कसोल और दिल्ली तक ड्रग्स सप्लाई का नेटवर्क सामने आया था। आरोपियों के पास से चरस, एमडीएमए और कोकीन बरामद की गई थी।
पुलिस के मुताबिक 23 सितंबर 2024 को मुखबिर की सूचना पर टिकरापारा पुलिस ने कमल विहार सेक्टर-4 चौक स्थित ऑक्सीजोन के पास कार्रवाई की थी। इस दौरान शुभम सोनी के पास से 31.88 ग्राम चरस, 98 एमडीएमए टैबलेट (कुल वजन 45.08 ग्राम), एक लोहे की पिस्टल और खाली मैगजीन बरामद की गई थी। इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, खाली कैप्सूल, एक लाख रुपए कैश और दो स्मार्टफोन भी मिले थे। अभिषेक साहू उर्फ चीनी के मेमोरेंडम बयान के मुताबिक, शुभम सोनी उसका दोस्त था और आयुष अग्रवाल के साथ एमडीएमए और चरस बेचने का काम करता था। शुभम उसे ड्रग्स मंगाने के लिए पैसे देता था। अभिषेक यह रकम अमनदीप सिंह छाबड़ा के बताए बैंक खाते में जमा करवाता था। अभिषेक के मुताबिक, अमनदीप वॉट्सऐप और स्नैपचैट पर ड्रग्स की तस्वीरें भेजता था। इसके बाद आर्यन ठाकरे सुनसान जगह पर माल लेकर पहुंचता था। अभिषेक उससे ड्रग्स लेकर शुभम सोनी को देता था। इस काम के बदले उसे हर बार 25 हजार रुपए कमीशन मिलता था।
अभिषेक ने अपने बयान में बताया कि, शुभम से फोन कॉल रिकॉर्ड होने और पुलिस के पकडऩे के डर से वह स्नैपचैट पर बातचीत करता था। उसने करीब एक सप्ताह पहले शुभम से 3 लाख रुपए कैश लिए थे। इसके बाद अमनदीप से वॉट्सऐप कॉल पर बातकर नाजरे आलम नाम के व्यक्ति के कोटक महिंद्रा बैंक खाते में यह रकम जमा कराई थी। अभिषेक के मुताबिक, अमनदीप के भेजे गए मैसेज की चैटिंग भी उसके मोबाइल में मौजूद थी।
Share this post with:
28 Nov 2026 25 Views
28 Nov 2026 20 Views
28 Nov 2026 17 Views
28 Nov 2026 19 Views