Share this post with:
नारायणपुर। कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देशानुसार जिले में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ ग्रामीण हितग्राहियों तक पहुंचाने तथा उन्हें स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में पशुधन विकास विभाग की राज्य बकरी उद्यमिता विकास योजना ग्राम मातला निवासी श्री मंगेश पोटाई के लिए आर्थिक आत्मनिर्भरता का माध्यम बन रही है। योजना से मिली आर्थिक सहायता एवं विभागीय मार्गदर्शन के फलस्वरूप उन्होंने बकरी पालन को अपनी आजीविका का बेहतर साधन बनाया है। ग्राम पंचायत मातला, विकासखंड नारायणपुर निवासी श्री मंगेश पोटाई, पिता श्री गिंजरू राम, को बकरी पालन में रुचि थी और वे इसे अपनी आय का प्रमुख साधन बनाना चाहते थे। लेकिन पर्याप्त आर्थिक संसाधन नहीं होने के कारण वे इस व्यवसाय को बड़े स्तर पर शुरू नहीं कर पा रहे थे। ऐसे में राज्य बकरी उद्यमिता विकास योजना की जानकारी मिलने पर उन्होंने पशु चिकित्सालय बेनूर से संपर्क कर योजना का लाभ लेने के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी की। योजना के अंतर्गत उन्हें 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त हुई, जिससे बकरी पालन व्यवसाय को आगे बढ़ाने में मदद मिली।

पशु चिकित्सालय बेनूर के विभागीय मार्गदर्शन से श्री पोटाई ने बकरियों के उचित रखरखाव, संतुलित आहार, स्वच्छ आवास तथा समय-समय पर पशु चिकित्सा सेवाओं के महत्व को समझा और बकरी पालन को व्यवस्थित तरीके से संचालित करना शुरू किया। उनकी मेहनत और लगन का परिणाम है कि आज उनके पास लगभग 30 से 35 बकरियां हैं। वे अब तक 10 से 12 बकरों का विक्रय कर 35 से 40 हजार रुपये तक की आय अर्जित कर चुके हैं। योजना से मिले सहयोग ने श्री मंगेश पोटाई के आत्मविश्वास को बढ़ाया है। अब वे बकरी पालन को केवल पारंपरिक गतिविधि न मानकर एक लाभकारी व्यवसाय के रूप में आगे बढ़ा रहे हैं। पशुधन में वृद्धि और बकरों के विक्रय से प्राप्त आय ने उनके परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूती देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। साथ ही भविष्य में इस व्यवसाय का और विस्तार करने के लिए भी उन्हें प्रोत्साहन मिला है।
हितग्राही श्री मंगेश पोटाई बताते हैं कि राज्य बकरी उद्यमिता विकास योजना और पशुधन विकास विभाग के मार्गदर्शन से उन्हें अपना व्यवसाय आगे बढ़ाने का अवसर मिला है। आज उनके पास 30 से 35 बकरियां हैं और बकरों के विक्रय से उन्हें अच्छी आमदनी भी हुई है। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि बकरी पालन को और बेहतर बनाकर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करें तथा अन्य ग्रामीण पशुपालकों को भी स्वरोजगार के लिए प्रेरित करें। राज्य बकरी उद्यमिता विकास योजना के माध्यम से श्री मंगेश पोटाई की यह सफलता ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन आधारित स्वरोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में एक प्रेरणादायक उदाहरण है।
Share this post with:
20 Nov 2026 28 Views
20 Nov 2026 55 Views
20 Nov 2026 84 Views
20 Nov 2026 86 Views
20 Nov 2026 98 Views
20 Nov 2026 77 Views
20 Nov 2026 109 Views
19 Nov 2026 162 Views
19 Nov 2026 197 Views
19 Nov 2026 177 Views