CNIN News Network

यूपी के चुनावी रण में छत्तीसगढ़ की महिला शक्ति का पदार्पण, 100 महिला कार्यकर्ताओं की टीम लखनऊ रवाना

20 Nov 2026   9 Views

यूपी के चुनावी रण में छत्तीसगढ़ की महिला शक्ति का पदार्पण, 100 महिला कार्यकर्ताओं की टीम लखनऊ रवाना

Share this post with:


00 भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी के नेतृत्व में तीन दिवसीय कार्यशाला में लेंगी प्रशिक्षण
बिलासपुर। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की सियासी सरगर्मी अभी से तेज होने लगी है। देश के सबसे बड़े राजनीतिक राज्य उत्तर प्रदेश में सत्ता की लड़ाई को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियों को गति दे दी है। इसी रणनीति के तहत अब महिला मोर्चा को भी चुनावी अभियान के केंद्र में लाने की तैयारी है। इस कड़ी में छत्तीसगढ़ भाजपा महिला मोर्चा की करीब 100 पदाधिकारियो और कार्यकर्ताओं की टीम बुधवार को प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी के नेतृत्व में सड़क मार्ग से लखनऊ के लिए रवाना हुई।
लखनऊ में आयोजित तीन दिवसीय कार्यशाला में छत्तीसगढ़ की महिला कार्यकर्ताओं को चुनावी रणनीति, संगठनात्मक समन्वय, महिला मतदाताओं से संवाद और बूथ स्तर पर सक्रियता जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यशाला के बाद प्रशिक्षित पदाधिकारियों को उत्तर प्रदेश की अलग-अलग विधानसभा सीटों में विस्तारक के रूप में जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। ये कार्यकर्ता संबंधित क्षेत्रों में करीब 10 दिनों तक प्रवास कर स्थानीय राजनीतिक परिस्थितियों, संगठन की स्थिति और मतदाताओं के रुझान को समझेंगी। इस तरह छत्तीसगढ़ की महिला मोर्चा की टीम उत्तर प्रदेश के चुनावी अभियान में जमीनी स्तर पर संगठन की मदद करेगी।
लखनऊ रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महिला मोर्चा की टीम को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में महिला सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है, जिससे महिलाओं के बीच सरकार के प्रति विश्वास का माहौल बना है। आगामी विधानसभा चुनाव में महिला मतदाताओं की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि छत्तीसगढ़ से जा रही महिला कार्यकर्ता अपनी संगठनात्मक क्षमता और अनुभव से चुनावी अभियान में महत्वपूर्ण योगदान देंगी।
विभा अवस्थी के नेतृत्व में संगठनात्मक सक्रियता
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी के नेतृत्व में रवाना हुई टीम को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। विभा अवस्थी ने महिला कार्यकर्ताओं की इस भागीदारी को संगठन की राष्ट्रीय जिम्मेदारी से जोड़ते हुए महिला शक्ति की सक्रिय भूमिका पर जोर दिया। वहीं, प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रियंका गिरी ने इस अभियान को महिला कार्यकर्ताओं के लिए सीखने, अनुभव प्राप्त करने और राष्ट्रीय स्तर पर संगठनात्मक समन्वय मजबूत करने का अवसर बताया। उनका जोर महिला मोर्चा की सक्रिय भागीदारी और जमीनी संवाद के जरिए चुनावी अभियान को प्रभावी बनाने पर है।
403 सीटों पर मुकाबला, नए राजनीतिक समीकरण भी चर्चा में
उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों पर होने वाला अगला चुनाव राष्ट्रीय राजनीति की दिशा के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा के सामने सत्ता में लगातार तीसरी बार वापसी की चुनौती होगी। वहीं समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी भी अपनी-अपनी राजनीतिक रणनीति के साथ मैदान में उतरने की तैयारी कर रही हैं। इस बार चुनावी समीकरणों में एक नया पहलू भी जुड़ गया है। असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी ने 12 नवंबर को सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाने की घोषणा की है। इस गठबंधन ने सभी 403 सीटों पर चुनाव लडऩे की मंशा जताई है और चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया है। दूसरी ओर बसपा प्रमुख मायावती ने भी स्वतंत्र रूप से चुनाव लडऩे के संकेत दिए हैं। इससे उत्तर प्रदेश का चुनावी मुकाबला बहुकोणीय होने की संभावना है।

Share this post with:

AD R.O. No. - 14159/26

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web