Share this post with:
0--पश्चिम बंगाल की सियासत में गरमाया माहौल
मेदिनीपुर। पश्चिम बंगाल की सियासत में चुनावी संग्राम ने अब उबाल पकड़ लिया है और इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व मेदिनीपुर की धरती से ऐसे वादों की बौछार की है जिसने राजनीतिक माहौल को पूरी तरह गर्म कर दिया है। चुनावी मंच से दिए गए उनके छह बड़े ऐलान सीधे तौर पर सत्ता में बैठी तृणमूल सरकार पर तीखा हमला भी हैं और जनता को लुभाने की स्पष्ट रणनीति भी। हम आपको बता दें कि प्रधानमंत्री ने सबसे पहले बंगाल में फैले डर और अव्यवस्था के माहौल को निशाने पर लिया। उन्होंने साफ कहा कि यदि उनकी पार्टी की सरकार बनती है तो भय का यह वातावरण खत्म कर विश्वास की स्थापना की जाएगी और कानून का राज मजबूत किया जाएगा। यह बयान केवल एक वादा नहीं बल्कि मौजूदा शासन व्यवस्था पर सीधा प्रहार है। उन्होंने प्रशासनिक जवाबदेही को लेकर भी बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि नई सरकार बनने पर पूरा प्रशासन जनता के प्रति पूरी तरह जवाबदेह होगा। यह संकेत साफ है कि वर्तमान व्यवस्था को वह गैर जिम्मेदार और जनता से कटे हुए रूप में पेश कर रहे हैं। सबसे ज्यादा सनसनीखेज वादा भ्रष्टाचार और अपराध को लेकर सामने आया। प्रधानमंत्री ने कहा कि हर घोटाले, हर भ्रष्टाचार और महिलाओं के खिलाफ हुए हर अपराध की फाइल दोबारा खोली जाएगी। यह बयान चुनावी माहौल में एक बड़े हथियार की तरह देखा जा रहा है, क्योंकि इससे सीधे तौर पर विरोधी दलों के नेताओं पर शिकंजा कसने का संदेश जाता है। प्रधानमंत्री ने और भी आक्रामक रुख अपनाते हुए कहा कि तृणमूल शासन में जो भी भ्रष्टाचार में शामिल रहा है, उसे जेल जाना होगा। चाहे वह मंत्री हो या कोई साधारण कर्मचारी, कानून सब पर समान रूप से लागू होगा। यह बयान साफ करता है कि आने वाले समय में राजनीतिक टकराव और तेज हो सकता है.शरणार्थियों और घुसपैठ के मुद्दे पर भी प्रधानमंत्री ने स्पष्ट रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि शरणार्थियों को संवैधानिक अधिकार दिए जाएंगे, जबकि घुसपैठ करने वालों को देश में रहने की अनुमति नहीं दी जाएगी। हम आपको बता दें कि यह मुद्दा लंबे समय से बंगाल की राजनीति का केंद्र रहा है और इस पर दिया गया यह बयान चुनावी समीकरण बदल सकता है। सरकारी कर्मचारियों को साधने के लिए प्रधानमंत्री ने सातवें वेतन आयोग को लागू करने का वादा भी किया। यह कदम सीधे तौर पर लाखों कर्मचारियों और उनके परिवारों को प्रभावित करेगा, जिससे चुनाव में बड़ा असर पड़ सकता है। प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में दोहरे इंजन की सरकार की जरूरत पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि यदि केंद्र और राज्य में एक ही दल की सरकार होगी तो विकास की गति तेज होगी और बंगाल आत्मनिर्भर बन सकेगा, खासकर मत्स्य और समुद्री उत्पाद के क्षेत्र में। देखा जाये तो प्रधानमंत्री के ये छह बड़े वादे केवल घोषणाएं नहीं बल्कि चुनावी रण में फेंके गए तेज धार वाले तीर हैं। अब देखना यह है कि बंगाल की जनता इन वादों को कितना स्वीकार करती है और सत्ता की कुर्सी किसके हाथ आती है। (साभार- प्रभासाक्षी)
Share this post with:
18 Apr 2026 1 Views
18 Apr 2026 3 Views