Share this post with:
00 33.24 लाख की लागत से निर्मित साइबर थाना भवन से साइबर अपराधों की रोकथाम एवं विवेचना में मिलेगी मदद
रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज दुर्ग जिले के प्रवास के दौरान सेक्टर-6 भिलाई में महिला थाना के समीप 33.24 लाख रूपए की लागत से नवनिर्मित दुर्ग रेंज के साइबर थाना भवन का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने नवीन पुलिस चौकी रूआबांधा का उद्घाटन तथा पुलिस नियंत्रण कक्ष स्थित उन्नत एकलव्य प्रशिक्षण हॉल, परिवार परामर्श केन्द्र के काउंसलिंग कक्ष एवं किलकारी कक्ष का भी लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने समाज को नशे की समस्या से मुक्त करने के उद्देश्य से पोस्टर विमोचन कर शुभारंभ संकल्प अभियान-नशामुक्ति का भी शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि नवीन साइबर थाना भवन के लोकार्पण से दुर्ग रेंज में साइबर अपराधों की रोकथाम एवं विवेचना के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साइबर थाना की स्थापना सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 एवं बौद्धिक संपदा अधिकारों से संबंधित अपराधों की रोकथाम एवं कार्रवाई के उद्देश्य से की गई है। साइबर थाना का क्षेत्राधिकार दुर्ग रेंज अंतर्गत दुर्ग, बालोद एवं बेमेतरा जिलों तक रहेगा। नवीन भवन से ऑनलाइन धोखाधड़ी, साइबर ठगी एवं अन्य साइबर अपराधों की जांच, अपराधियों की पहचान तथा पीड़ितों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने में पुलिस को मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने पुलिस नियंत्रण कक्ष सेक्टर-6 भिलाई में सीएसआर मद से 15 लाख रूपए की लागत से उन्नत किए गए एकलव्य प्रशिक्षण हॉल तथा जिला खनिज संस्थान न्यास मद से 10 लाख रूपए की लागत से निर्मित परिवार परामर्श केन्द्र के काउंसलिंग कक्ष एवं किलकारी कक्ष का भी लोकार्पण किया। एकलव्य प्रशिक्षण हॉल के उन्नयन से पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रशिक्षण के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। वहीं परिवार परामर्श केन्द्र में काउंसलिंग कक्ष एवं किलकारी कक्ष की सुविधा से पारिवारिक समस्याओं के निराकरण तथा महिलाओं एवं बच्चों के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। नवीन पुलिस चौकी रूआबांधा के प्रारंभ होने से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा आम नागरिकों को पुलिस सेवाएं सहजता से उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।

संकल्प अभियान-नशामुक्ति के माध्यम से समाज में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने तथा युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखने की दिशा में कार्य किया जाएगा। पुलिस अधोसंरचना के विस्तार एवं जनजागरूकता अभियान से जनसुरक्षा तथा बेहतर पुलिसिंग को बढ़ावा मिलेगा। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री अरूण साव, स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव, विधायक दुर्ग ग्रामीण श्री ललित चन्द्राकर, संभाग आयुक्त श्री सत्यनारायण राठौर, आईजी श्री अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री विजय अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
Share this post with:
25 Nov 2026 12 Views
25 Nov 2026 38 Views
25 Nov 2026 32 Views
25 Nov 2026 27 Views
24 Nov 2026 124 Views
23 Nov 2026 152 Views
21 Nov 2026 379 Views
21 Nov 2026 440 Views