Share this post with:
बीजापुर। ग्राम पंचायत मिडते में 2 अक्टूबर को ग्राम सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान बाल विवाह मुक्त पंचायत बनाने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्राम सभा में ग्रामीणों, माता-पिता, युवाओं एवं समुदाय के सदस्यों को बाल विवाह से होने वाले सामाजिक, शैक्षणिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में बताया गया कि बाल विवाह बच्चों के अधिकारों का उल्लंघन है।
कम उम्र में विवाह होने से बच्चों की शिक्षा प्रभावित होने के साथ उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उपस्थित लोगों को बाल विवाह प्रतिषेध कानून की जानकारी देते हुए इसकी रोकथाम में परिवार और समुदाय की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया गया। माता-पिता एवं अभिभावकों से अपील की गई कि वे बच्चों की पढ़ाई को प्राथमिकता दें और कम उम्र में उनका विवाह न करें। ग्राम पंचायत, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, शिक्षक, स्वास्थ्य कार्यकर्ता और समुदाय के सहयोग से बाल विवाह रोकने के लिए सामूहिक प्रयास करने पर भी चर्चा हुई। किसी भी बाल विवाह की जानकारी मिलने पर संबंधित विभाग या जिम्मेदार अधिकारी को तत्काल सूचना देने के लिए जागरूक किया गया।
ग्राम सभा के दौरान मिडते को बाल विवाह मुक्त पंचायत बनाने का सामूहिक संकल्प लिया गया। उपस्थित लोगों ने शपथ लेते हुए बाल विवाह नहीं करने, अपने परिवार एवं आसपास बाल विवाह नहीं होने देने तथा समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, सुरक्षा और बेहतर भविष्य का अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर सामूहिक प्रयास करने की अपील की गई।
Share this post with:
01 Oct 2026 1426 Views
01 Oct 2026 2933 Views
01 Oct 2026 3102 Views