Share this post with:
जगदलपुर। मानसून में चित्रकोट जलप्रपात इन दिनों अपने पूरे शबाब पर है। इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं, 15 अगस्त के बाद से यहां पर्यटकों की बड़ी संख्या लगातार बनी हुई है। शनिवार और रविवार को पर्यटकों की संख्या इतनी बढ़ जाती है, कि पार्किंग स्थल में जगह कम पड़ जाती है। कई लोगों को अपनी गाडिय़ां जलप्रपात से काफी दूर खड़ी करनी पड़ती हैं। बड़ी संख्या में परिवार, युवा और दूसरे राज्यों से आए पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं। मानसून में पानी बढऩे से चित्रकोट जलप्रपात पर्यटकों को खासा आकर्षित कर रहा है। कांगेर घाटी क्षेत्र का तीरथगढ़ जलप्रपात भी मानसून में पर्यटकों की पसंद बना हुआ है, जहां सीढ़ीनुमा चट्टानों से गिरता पानी देखने के लिए लगातार पर्यटक पहुंच रहे हैं। चित्रकोट जलप्रपात के साथ तीरथगढ़ और बस्तर के दूसरे पर्यटन स्थलों को भी पर्यटक अपनी यात्रा में शामिल कर रहे हैं।
बस्तर आने वाले पर्यटक अब सिर्फ एक पर्यटन स्थल तक सीमित नहीं रह रहे हैं। चित्रकोट, तीरथगढ़ सहित आस-पास के कई प्राकृतिक और पर्यटन स्थलों की सैर कर रहे हैं। पिछले सप्ताह रायगढ़ से बाइक राइडर्स की एक टीम बस्तर पहुंची। टीम ने बस्तर के अलग-अलग पर्यटन स्थलों की सैर की। इस दौरान बाइक राइडर्स ने बस्तर की प्राकृतिक खूबसूरती के साथ यहां के पर्यटन स्थलों को भी सोशल मीडिया पर दिखाया। उन्होंने लोगों को यह संदेश दिया कि बस्तर अब शांत है और पर्यटक यहां बेफिक्र होकर घूमने आ सकते हैं। सोशल मीडिया पर बस्तर की तस्वीरें और वीडियो लगातार पहुंचने से दूसरे शहरों और राज्यों के लोगों में भी यहां घूमने को लेकर रुचि बढ़ रही है। यही वजह है कि इस मानसून में बस्तर के पर्यटन स्थलों पर बाहरी पर्यटकों की मौजूदगी पहले के मुकाबले ज्यादा नजर आ रही है।
Share this post with:
29 Aug 2026 10 Views
30 Aug 2026 2 Views
29 Aug 2026 31 Views
27 Aug 2026 22 Views
27 Aug 2026 33 Views