CNIN News Network

महिला आरक्षण पर पीएम मोदी का बड़ा बयान, बोले- नारी शक्ति वंदन संशोधन समय की मांग

29 Nov 2026   14 Views

महिला आरक्षण पर पीएम मोदी का बड़ा बयान, बोले- नारी शक्ति वंदन संशोधन समय की मांग

Share this post with:

 

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नारी शक्ति वंदन संशोधन को आवश्यक बताते हुए महिला सशक्तिकरण के प्रति संकल्प दोहराया है। दूसरी ओर, विपक्षी दलों ने महिला आरक्षण को परिसीमन से जोडऩे और संभावित सीट वृद्धि पर सवाल उठाए हैं। इसके साथ ही, दक्षिण और कम आबादी वृद्धि वाले राज्यों को नए परिसीमन से संसद में प्रतिनिधित्व घटने की आशंका है।

 

देश में प्रस्तावित परिसीमन और महिला आरक्षण को लेकर राजनीतिक बहस तेज है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला प्रतिनिधित्व और नारी शक्ति वंदन संशोधन को लेकर अपनी बात रखी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स पर कहा कि महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी दिलाने की लड़ाई कई दशकों से चल रही है। बीजेपी और एनडीए का महिला सशक्तिकरण का संकल्प आज भी कायम है। पीएम मोदी ने कहा कि देशहित उनके लिए सबसे ऊपर है और महिलाओं के सपनों को पूरा करने के लिए इस संकल्प को पूरा करना जरूरी है।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने पोस्ट में कहा कि नारी शक्ति को राजनीति में भागीदारी दिलाने की लड़ाई दशकों से जारी है। वह खुद भी लंबे समय से इस दिशा में प्रयास करने वालों में शामिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी और एनडीए का महिला सशक्तिकरण का संकल्प अडिग है। पीएम मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जब कुछ लोगों के लिए पार्टी का हित देशहित से बड़ा हो जाता है, तो इसका नुकसान महिलाओं और देश दोनों को उठाना पड़ता है।

 

*  परिसीमन को लेकर राज्यों के प्रतिनिधित्व पर बहस

देश में प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया को लेकर अलग-अलग राजनीतिक दलों के बीच बहस चल रही है। इसका एक बड़ा मुद्दा राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का बंटवारा है। दशकों से लोकसभा सीटों का आवंटन 1971 की जनगणना के आधार पर तय व्यवस्था के तहत रहा है। इसके पीछे जनसंख्या नियंत्रण करने वाले राज्यों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को सुरक्षित रखने की चिंता भी रही है।

दक्षिण भारत और कम जनसंख्या वृद्धि वाले राज्यों को आशंका है कि अगर सीटों का बंटवारा जनसंख्या के आधार पर नए सिरे से किया गया, तो संसद में उनकी हिस्सेदारी घट सकती है। वहीं, अधिक जनसंख्या वृद्धि वाले राज्यों की सीटें बढ़ सकती हैं। इस वजह से उत्तर और दक्षिण भारत के बीच प्रतिनिधित्व का संतुलन भी बहस का अहम मुद्दा बन गया है।

प्रस्तावित परिसीमन ढांचे में लोकसभा की अधिकतम क्षमता 850 सीटों तक बढ़ाने और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं नए सिरे से तय करने की बात सामने आई है। विपक्षी दलों ने इस पर सवाल उठाए हैं।विपक्ष का आरोप है कि निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव का इस्तेमाल चुनावी नक्शे को राजनीतिक फायदे के हिसाब से तैयार करने के लिए किया जा सकता है। इसे राजनीतिक भाषा में 'जेरीमैंडरिंगÓ कहा जाता है। विपक्ष को आशंका है कि इससे सत्ताधारी दल को चुनावी फायदा मिल सकता है।

इस पूरे विवाद का एक बड़ा मुद्दा 33 फीसदी महिला आरक्षण को परिसीमन प्रक्रिया से जोडऩा है। विपक्षी दलों का तर्क है कि महिलाओं को आरक्षण देने के लिए परिसीमन की शर्त जरूरी नहीं होनी चाहिए। उनका कहना है कि महिला आरक्षण को जल्द लागू करने के लिए इसे परिसीमन से अलग रखा जाना चाहिए।

वहीं, सरकार का पक्ष है कि महिला आरक्षण को तय समय पर लागू करना जरूरी है। सरकार ने विपक्ष पर इस मुद्दे पर दोहरा रुख अपनाने का आरोप भी लगाया है। ऐसे में महिला आरक्षण, राज्यों के प्रतिनिधित्व और परिसीमन को लेकर राजनीतिक दलों के बीच मतभेद बने हुए हैं। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर संसद और राजनीतिक मंचों पर बहस जारी रहने की संभावना है।

Share this post with:

AD R.O. No. - 14159/26

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web