Share this post with:
00 निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर उच्च गुणवत्ता, यात्री सुविधा एवं संरक्षा को प्राथमिकता देने के दिए दिशा-निर्देश
रायपुर। तरुण प्रकाश, महाप्रबंधक, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने सोमवार को रायपुर स्टेशन का निरीक्षण कर स्टेशन पर चल रहे मेजर स्टेशन रिडेवलपमेंट एवं पुनर्विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने रायपुर स्टेशन पर चल रहे विभिन्न विकास एवं पुनर्विकास कार्यों का विस्तृत अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों से कार्यों की वर्तमान प्रगति, निर्धारित समय-सीमा एवं आगामी कार्ययोजना की जानकारी ली। उन्होंने स्टेशन पुनर्विकास से संबंधित ले-आउट प्लान का अवलोकन करते हुए वास्तविक स्थिति से परखा एवं अधिकारियों को सभी कार्यों को निर्धारित मानकों एवं उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर महाप्रबंधक ने कहा कि स्टेशन पुनर्विकास कार्यों के दौरान यात्रियों की सुविधा, संरक्षा एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। निर्माण कार्यों के कारण यात्रियों को कम से कम असुविधा हो, इसके लिए आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा कार्यस्थल पर उचित संरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश भी दिए। महाप्रबंधक ने रायपुर स्टेशन के विभिन्न प्लेटफार्मों, फुट ओवर ब्रिज सहित अन्य महत्वपूर्ण यात्री क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं की स्थिति का जायजा लेते हुए स्वच्छता, बेहतर यात्री आवागमन तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को यात्रियों को संरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास करने के निर्देश दिए।
महाप्रबंधक ने स्टेशन पर मुख्य प्रवेश द्वार गेट नंबर 02 पर निर्माणाधीन कार्य के लिए घेराबंदी से लेकर स्टेशन के गुढिय़ारी छोर पर चल रहे प्रगतिशील कार्यों का अवलोकन करते हुए निर्माण की गुणवत्ता एवं कार्य की गति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। रायपुर स्टेशन का पुनर्विकास कार्य यात्रियों को आधुनिक एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। पुनर्विकास के उपरांत स्टेशन पर यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाओं के साथ बेहतर आवागमन व्यवस्था, सुविधाजनक प्रवेश एवं निकास तथा अधिक सुव्यवस्थित यात्री सुविधाएं उपलब्ध होंगी। महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने अधिकारियों को स्टेशन पुनर्विकास के सभी कार्यों में आपसी समन्वय बनाए रखते हुए गुणवत्ता, समयबद्धता एवं संरक्षा के निर्धारित मानकों का पूर्णत: पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, रायपुर के सभागार में महाप्रबंधक द्वारा रायपुर मंडल के रेल परिचालन एवं विभिन्न कार्यों की समीक्षा बैठक ली गई। बैठक में रेल परिचालन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों, अधोसंरचना विकास कार्यों के दौरान निर्बाध एवं सुचारू रेल परिचालन पर जोर देते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक,रायपुर श्री दयानंद, मुख्यालय,बिलासपुर के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी(आरएसपी), प्रधान मुख्य इंजीनियर, प्रधान मुख्य परिचालन प्रबन्धक, मुख्य परियोजना प्रबंधक (गति शक्ति), रायपुर सहित मुख्यालय एवं मंडल के विभिन्न विभागों के शाखाधिकारी एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।
Share this post with:
15 Sep 2026 23 Views
14 Sep 2026 43 Views
14 Sep 2026 25 Views
13 Sep 2026 26 Views
13 Sep 2026 18 Views
12 Sep 2026 41 Views
12 Sep 2026 46 Views