Share this post with:
रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल ने मरौदा रेलवे स्टेशन पर राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के साथ संयुक्त मॉक ड्रिल की। इसमें ट्रेन हादसे के दौरान यात्रियों को बचाने और राहत पहुंचाने का अभ्यास किया गया। इसके लिए ट्रेन के डिब्बे पटरी से उतरने और कोच में आग लगने जैसी स्थितियां बनाई गईं। टीमों ने यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने, घायलों को प्राथमिक इलाज देने और आग बुझाने के तरीके बताए। मॉक ड्रिल में एनडीआरएफ की मुंडाली (कटक, ओडिशा) बटालियन, एसडीआरएफ, रेलवे की आपदा राहत टीम, सिविल डिफेंस, स्काउट एवं गाइड और रेलवे के अलग-अलग विभागों के कर्मचारी शामिल हुए।
अभ्यास के दौरान आधुनिक उपकरणों से कोच काटकर यात्रियों को बाहर निकालने का तरीका दिखाया गया। साथ ही आग बुझाने के अलग-अलग तरीकों का भी प्रदर्शन किया गया। रेलवे का उद्देश्य आपात स्थिति में कर्मचारियों और बचाव दल को तेजी से राहत कार्य करने के लिए तैयार रखना है। अभ्यास के दौरान प्राथमिक इलाज केंद्र, शव गृह, अधिकारी कक्ष, मीडिया केंद्र, पूछताछ केंद्र, दूरभाष केंद्र और नागरिक सुरक्षा सहायता केंद्र बनाए गए। इसके अलावा एआरटी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और रेलवे सुरक्षा बल के सहायता केंद्र भी तैयार किए गए। रेलवे सुरक्षा बल के डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते ने बम की जांच करने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया। छत्तीसगढ़ शासन और भिलाई इस्पात संयंत्र की ओर से अग्निशमन वाहन और एंबुलेंस भी उपलब्ध कराई गईं। स्थानीय पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल की टीम भी मौजूद रही।
अपर मंडल रेल प्रबंधक बजरंग अग्रवाल ने मॉक ड्रिल में उपलब्ध बचाव उपकरणों और संसाधनों का निरीक्षण किया। उन्होंने इनकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली और वास्तविक आपदा के समय भी इसी तरह तैयार रहने की बात कही। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. सुस्कर विपुल विलासराव ने मीडिया से चर्चा में कहा कि, ऐसे अभ्यास से रेलवे कर्मचारियों के साथ आम नागरिकों को भी आपदा के समय मदद करने के तरीके समझ में आते हैं।
Share this post with:
21 Nov 2026 46 Views
21 Nov 2026 89 Views
20 Nov 2026 213 Views
20 Nov 2026 194 Views
20 Nov 2026 209 Views
20 Nov 2026 221 Views
20 Nov 2026 193 Views