CNIN News Network

मध्यप्रदेश हाई कोर्ट का बड़ा फैसला...भोजशाला परिसर को मंदिर माना

15 May 2026   7 Views

मध्यप्रदेश हाई कोर्ट का बड़ा फैसला...भोजशाला परिसर को मंदिर माना

Share this post with:

 

धार। मध्य प्रदेश के धार जिले स्थित भोजशाला परिसर को लेकर मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। मामले पर इंदौर खंडपीठ के जस्टिस आलोक कुमार अवस्थी ने फैसला पढ़ते हुए भोजशाला परिसर को मंदिर माना है। कोर्ट के फैसले में परिसर को मां वाग्देवी के मंदिर के रूप में माना गया है। कोर्ट ने कहा कि मुस्लिम पक्ष को अलग से जमीन दी जाएगी।

फैसले के बाद धार जिले में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पूरी तरह सतर्क और हाई अलर्ट पर हैं। मामले पर फैसला सुनाते हुए कोर्ट ने अंतरसिंह की याचिका खारिज कर दी, जिन्होंने कोर्ट से मांग की थी कि दोनों पक्षों में सौहार्द बना रहे, इस तरह की व्यवस्था का आदेश दिया जाए।

मंदिर पक्ष के अधिवक्ता विष्णु शंकर जैन ने इस फैसले के बाद अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हिंदुओं को पूजा का अधिकार मिला। भोजशाला का फैसला हिंदू पक्ष में आते ही इंदौर के हाईकोर्ट गेट 3 के सामने समर्थकों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया। धार की ऐतिहासिक भोजशाला में शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच में नमाज हुई। प्रशासन ने बीती रात से ही अधिक मात्रा में पुलिस बल बुला लिया था। दूसरी ओर अब भोजशाला के बाहर ज्योति मंदिर पर बड़ी संख्या में हिंदू समाज के लोग एकत्रित हो रहे हैं।

 

0-युगल पीठ ने सुरक्षित रख लिया था फैसला

इससे पहले छह अप्रैल से चली नियमित सुनवाई के बाद न्यायमूर्ति आलोक कुमार अवस्थी और न्यायमूर्ति वीके शुक्ला की युगल पीठ ने बीती 12 मई को फैसला सुरक्षित रख लिया था। मस्जिद पक्ष की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता सलमान खुर्शीद के साथ ही अरशद वारसी और शोभा मेनन ने पक्ष रखा था। मंदिर पक्ष की ओर से विष्णु शंकर जैन और मनीष गुप्ता ने तर्क प्रस्तुत किए थे।

 

0-विवाद में वाग्देवी प्रतिमा भी बड़ा मुद्दा

भोजशाला विवाद में मां वाग्देवी की प्रतिमा मुख्य केंद्र है। रिकॉर्ड्स के अनुसार, 1875 में खुदाई के दौरान मिली इस प्रतिमा को ब्रिटिश अधिकारी इंग्लैंड ले गए थे। हिंदू संगठन लंबे समय से इसकी वापसी की मांग कर रहे हैं। अब हाईकोर्ट ने भी केंद्र सरकार को लंदन से इस ऐतिहासिक प्रतिमा को वापस भारत लाने के ठोस प्रयास करने के निर्देश दिए हैं।

Share this post with:

AD R.O. No. - 13783/16

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web