Share this post with:
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने मध्य प्रदेश से राज्यसभा की रिक्त हो रही दो सीटों के लिए तरुण चुग और रजनीश अग्रवाल को अपना आधिकारिक प्रत्याशी घोषित किया है। चुग भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और अग्रवाल भाजपा के प्रदेश मंत्री हैं। दोनों को ही संगठनात्मक रणनीति में माहिर माना जाता है। केंद्रीय मंत्री जार्ज कुरियन और सुमेर सिंह सोलंकी मप्र से राज्यसभा सदस्य हैं और दोनों का कार्यकाल इसी माह समाप्त हो रहा है। पूर्व की तरह प्रदेश के कोटे में एक सीट आई। वहीं, दूसरी सीट पर पंजाब निवासी चुग को पार्टी ने अवसर दिया है।
चुग भाजपा के जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, तेलंगाना समेत कई राज्यों में प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। हाल ही में मणिपुर में विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए भाजपा ने उन्हें केंद्रीय पर्यवेक्षक भी नियुक्त किया था। जबकि रजनीश अग्रवाल मूलत: बुंदेलखंड का प्रतिनिधित्व करते हैं और सागर जिले के मंडी बामौरा के रहने वाले हैं। वह एबीवीपी के पूर्व प्रदेश मंत्री रह चुके हैं। युवा मोर्चा के प्रदेश महासचिव और प्रदेश उपाध्यक्ष जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी संभालीं। वह भारतीय जनता युवा मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य भी रह चुके हैं।
Share this post with:
01 Jun 2026 12 Views