Share this post with:
00 सूरजपुर में हर्षाेल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
सूरजपुर। जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमामय एवं हर्षाेल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया गया। सूरजपुर के स्टेडियम ग्राउंड में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत की सामूहिक प्रस्तुति से पूरा परिसर देशभक्ति के भाव से ओतप्रोत हो गया।

मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का प्रदेशवासियों के नाम संदेश का वाचन किया तथा जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने रंग-बिरंगे गुब्बारे एवं शांति के प्रतीक सफेद कबूतर उड़ाकर राष्ट्रीय एकता, शांति, सद्भाव और भाईचारे का संदेश दिया।
समारोह में 13 विभिन्न प्लाटूनों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। इस अवसर पर मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने शहीद जवानों के परिजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। साथ ही विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

स्वतंत्रता दिवस समारोह में स्कूली विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल, ग्लोबल पब्लिक स्कूल, सरस्वती शिशु मंदिर एवं कला केंद्र सूरजपुर के विद्यार्थियों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में पीएम श्री स्वामी आत्मानंद विद्यालय नवापारा सूरजपुर ने प्रथम, पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास सूरजपुर ने द्वितीय तथा कला केंद्र सूरजपुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दलों को मुख्य अतिथि ने पुरस्कृत किया।

समारोह में वन विकास निगम के अध्यक्ष श्री रामसेवक पैकरा, प्रेमनगर विधायक श्री भूलन सिंह मरावी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चंद्रमणी पैकरा, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती कुसुमलता राजवाड़े सहित जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर श्रीमती रेना जमील, पुलिस अधीक्षक श्री योगेश पटेल, डीएफओ श्री डी.पी. साहू, जिला पंचायत सीईओ श्री विजेन्द्र पाटले सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Share this post with:
15 Aug 2026 40 Views
15 Aug 2026 11 Views
15 Aug 2026 68 Views
15 Aug 2026 27 Views
14 Aug 2026 20 Views