Share this post with:
00 रोहित कुमार ने दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर लहराया परचम, जन्तराम पनिका और मोहनी मरावी ने भी बढ़ाया जिले का मान
रायपुर। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में आयोजित 26वीं राष्ट्रीय पैरा तैराकी प्रतियोगिता में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के दिव्यांग खिलाडिय़ों ने अपनी अद्भुत प्रतिभा, कठिन परिश्रम और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय देते हुए राष्ट्रीय स्तर पर शानदार सफलता अर्जित की है। जिले के तीन प्रतिभावान खिलाडिय़ों ने प्रतियोगिता में दो स्वर्ण, एक रजत और तीन कांस्य सहित कुल छह पदक जीतकर न केवल जिले, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। इन खिलाडिय़ों की ऐतिहासिक उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि मजबूत आत्मविश्वास, निरंतर अभ्यास और अटूट संकल्प के बल पर हर चुनौती को पार कर सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचा जा सकता है।
भोपाल में 12 से 15 नवंबर 2026 तक आयोजित 26वीं राष्ट्रीय पैरा तैराकी प्रतियोगिता में देशभर के दिव्यांग तैराकों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के तीन खिलाडिय़ों श्री रोहित कुमार, श्री जन्तराम पनिका और सुश्री मोहनी मरावी ने विभिन्न स्पर्धाओं में भाग लिया। तीनों खिलाडिय़ों ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए कुल छह पदक अपने नाम किए और राष्ट्रीय खेल मंच पर जिले की मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।
रोहित कुमार ने दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर किया शानदार प्रदर्शन
प्रतियोगिता में जिले के प्रतिभावान तैराक श्री रोहित कुमार ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण और एक रजत सहित कुल तीन पदक जीतकर विशेष उपलब्धि हासिल की। उन्होंने 50 मीटर बैक स्ट्रोक और 100 मीटर बैक स्ट्रोक स्पर्धाओं में शानदार समय दर्ज करते हुए रिकॉर्ड भी बनाया। उनकी इस उपलब्धि ने राष्ट्रीय स्तर पर जिले की खेल प्रतिभा को नई पहचान दिलाई है। रोहित कुमार का प्रदर्शन अन्य खिलाडिय़ों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बना है।
जन्तराम पनिका और मोहनी मरावी ने कांस्य पदक जीतकर बढ़ाया जिले का गौरव
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जिले के श्री जन्तराम पनिका ने भी अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का परिचय देते हुए दो कांस्य पदक अर्जित किए। इसी तरह सुश्री मोहनी मरावी ने एक कांस्य पदक जीतकर जिले और प्रदेश का मान बढ़ाया। दोनों खिलाडिय़ों ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा में अपनी क्षमता और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया। इन उपलब्धियों से जिले में पैरा खेलों के प्रति उत्साह और बढ़ा है।
कलेक्टर से मिले पदक विजेता खिलाड़ी, उपलब्धियों की हुई सराहना
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने वाले तीनों पदक विजेता खिलाडिय़ों ने आज कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. से सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर कलेक्टर ने खिलाडिय़ों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कलेक्टर ने खिलाडिय़ों के कठिन परिश्रम, अनुशासन, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर छह पदक जीतना पूरे जिले के लिए गर्व और सम्मान की बात है। इन खिलाडिय़ों ने अपनी प्रतिभा और मेहनत से यह साबित किया है कि लक्ष्य के प्रति समर्पण और निरंतर प्रयास से बड़ी से बड़ी उपलब्धि हासिल की जा सकती है। उनकी सफलता जिले के अन्य खिलाडिय़ों, विशेष रूप से दिव्यांग प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने खिलाडिय़ों को भविष्य में भी निरंतर अभ्यास करने, अपनी खेल प्रतिभा को और निखारने तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
दिव्यांग खिलाडिय़ों की सफलता से जिले में खुशी और उत्साह
राष्ट्रीय पैरा तैराकी प्रतियोगिता में जिले के तीन खिलाडिय़ों द्वारा छह पदक जीतने से खेल जगत में खुशी और उत्साह का वातावरण है। यह उपलब्धि जिले में मौजूद खेल प्रतिभाओं की क्षमता और संभावनाओं को भी रेखांकित करती है। सीमित संसाधनों और विभिन्न चुनौतियों के बावजूद अपनी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल करने वाले ये खिलाड़ी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनकर उभरे हैं।
Share this post with:
23 Nov 2026 0 Views
23 Nov 2026 0 Views
21 Nov 2026 222 Views
21 Nov 2026 254 Views
20 Nov 2026 346 Views
20 Nov 2026 328 Views
20 Nov 2026 350 Views
20 Nov 2026 366 Views
20 Nov 2026 342 Views