CNIN News Network

भारी वाहनों से सड़क बनी दलदल, 4 दिनों से अंतागढ़-नारायणपुर स्टेट हाईवे पर यात्री बसें हुई बंद

23 Aug 2026   18 Views

भारी वाहनों से सड़क बनी दलदल, 4 दिनों से अंतागढ़-नारायणपुर स्टेट हाईवे पर यात्री बसें हुई बंद

Share this post with:


कांकेर। जिले के अंतागढ़ से नारायणपुर को जोडऩे वाला निर्माणाधीन स्टेट हाईवे-5 अब लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। सड़क की खराब हालत और रावघाट से लौह अयस्क लेकर गुजर रहे भारी वाहनों के कारण पिछले चार दिनों से यात्री बसों का संचालन बंद है। इससे रोजाना सफर करने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस मार्ग पर एक ओर सड़क निर्माण का काम चल रहा है, वहीं दूसरी ओर रावघाट से कच्चा लौह अयस्क लेकर भारी वाहन लगातार गुजर रहे हैं। बारिश के कारण सड़क पर कीचड़ और फिसलन बढ़ गई है। कई जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे सड़क पर वाहन चलाना मुश्किल हो गया है।
बस संचालकों का कहना है कि खराब सड़क पर बस चलाने से जितनी कमाई नहीं होती, उससे ज्यादा खर्च वाहनों की मरम्मत में आ रहा है। बार-बार वाहन खराब होने के कारण उन्होंने यात्री बसों का संचालन फिलहाल पूरी तरह बंद कर दिया है। बसें बंद होने से अंतागढ़-नारायणपुर मार्ग पर आने-जाने वाले यात्रियों को निजी वाहनों और दूसरे साधनों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। बारिश के बीच कीचड़ और फिसलन के कारण दोपहिया वाहन चालकों के साथ पैदल चलने वाले लोगों को भी परेशानी हो रही है। 
स्थानीय लोगों का कहना है कि रावघाट से लौह अयस्क के परिवहन से पहले सड़क को मजबूत और बेहतर बनाने पर ध्यान दिया जाना चाहिए था। उनका आरोप है कि भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से सड़क निर्माण में बाधा आ रही है। जैसे ही सड़क का बेस तैयार किया जाता है, भारी वाहनों के गुजरने से वह फिर खराब हो जाता है। लोगों का कहना है कि यदि भारी वाहनों की आवाजाही और सड़क निर्माण के बीच जल्द कोई समाधान नहीं निकाला गया तो पूरी बारिश सड़क की हालत ऐसी ही बनी रह सकती है। इससे निर्माण कार्य भी प्रभावित होगा और यात्रियों की परेशानी भी बढ़ती जाएगी।

Share this post with:

AD R.O. No. - 13944/16

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web