CNIN News Network

भारी बारिश में थमी ट्रेनों की रफ्तार, कई गाडिय़ां 16 घंटे तक लेट

31 Aug 2026   14 Views

भारी बारिश में थमी ट्रेनों की रफ्तार, कई गाडिय़ां 16 घंटे तक लेट

Share this post with:

 

जबलपुर: सतना-मानिकपुर रेलखंड में भारी बारिश और नदी-नालों के उफान का असर रविवार को भी रेल यातायात पर बना रहा। चितहरा-मझगवां के बीच रेलवे ट्रैक पर पानी भरने के बाद सुरक्षा के लिहाज से ट्रेनों की रफ्तार कम कर दी गई।

पानी उतरने के बाद परिचालन शुरू तो किया गया, लेकिन ट्रैक की स्थिति को देखते हुए ट्रेनों को कॉशन पर करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से निकाला गया। इसका असर जबलपुर आने-जाने वाली ट्रेनों पर भी पड़ा और कई गाडिय़ां घंटों देरी से चलीं।

शनिवार को ट्रैक पर जलभराव की स्थिति गंभीर होने के कारण इस रेलखंड पर करीब चार से पांच घंटे तक परिचालन प्रभावित रहा।पानी कम होने के बाद रेलवे ने ट्रैक का निरीक्षण कराया और सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद सीमित गति से ट्रेनों का संचालन शुरू किया। इस दौरान कई ट्रेनों को सगमा, जैतवारा, मझगवां सहित रास्ते के अन्य स्टेशनों पर रोककर आगे रवाना किया गया।

भारी बारिश के कारण सतना-मानिकपुर रेलखंड पर यात्री और मालगाडिय़ों का संचालन प्रभावित हुआ। रेलवे की इंजीनियरिंग और पेट्रोलिंग टीम लगातार ट्रैक की निगरानी करती रही। शनिवार को सतना-मानिकपुर से जबलपुर आने और जाने वाली ट्रेनें देरी से चलीं। सबसे ज्यादा परेशानी स्पेशल ट्रेनों को लेकर हुई। कई ट्रेन तो अपने निर्धारित समय से 16-16 घंटे देरी से चलती रहीं, जिससे यात्रियों की परेशानी बढ़ गई।

Share this post with:

AD R.O. No. - 13997/18

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web