CNIN News Network

भारत सरकार के मिशन कर्मयोगी - साधना सप्ताह में एसईसीएल राष्ट्रीय स्तर पर टॉप 10 में

25 Apr 2026   6 Views

भारत सरकार के मिशन कर्मयोगी - साधना सप्ताह में एसईसीएल राष्ट्रीय स्तर पर टॉप 10 में

Share this post with:

00 सीएमडी श्री हरीश दुहन को क्षमता निर्माण आयोग द्वारा प्रशंसा-पत्र प्राप्त*
बिलासपुर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल), कोल इंडिया लिमिटेड की प्रमुख सहायक कंपनी, को मिशन कर्मयोगी - साधना सप्ताह 2026 के अंतर्गत उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए देश के टॉप 10 परफॉर्मिंग संगठनों में स्थान प्राप्त हुआ है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए भारत सरकार के क्षमता निर्माण आयोग द्वारा एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री हरीश दुहन को प्रशंसा-पत्र प्रेषित किया गया है। प्रशंसा-पत्र में एसईसीएल की सक्रिय सहभागिता, कोर्स पूर्णता में उत्कृष्ट प्रदर्शन तथा क्षमता निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की गई है ।


प्रशंसा-पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि साधना सप्ताह (2-10 अप्रैल 2026) के दौरान एसईसीएल की प्रभावी भागीदारी तथा कर्मयोगी प्लेटफॉर्म पर व्यापक जुड़ाव, संगठन में निरंतर सीखने की संस्कृति एवं क्षमता निर्माण के प्रति मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाता है। एकीकृत सरकारी ऑनलाइन प्रशिक्षण कर्मयोगी भारत सरकार का एक डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म है, जिसे मिशन कर्मयोगी के अंतर्गत विकसित किया गया है। इसका उद्देश्य सरकारी एवं सार्वजनिक क्षेत्र के कर्मचारियों को सतत् सीखने, कौशल उन्नयन एवं क्षमता निर्माण के लिए एकीकृत मंच प्रदान करना है। इसी दिशा में एसईसीएल द्वारा कर्मयोगी प्लेटफॉर्म पर कर्मचारियों के कौशल विकास हेतु विभिन्न महत्वपूर्ण पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें पर्यावरण संरक्षण, सतत एवं धारणीय विकास तथा कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व से संबंधित विषय प्रमुख हैं, जो कर्मचारियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए सक्षम बना रहे हैं।
इस अवसर पर एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री हरीश दुहान ने कहा: यह सम्मान पूरे एसईसीएल परिवार के लिए गर्व का विषय है। यह हमारे कर्मयोगियों की प्रतिबद्धता, सीखने की ललक एवं उत्कृष्टता के प्रति समर्पण को दर्शाता है। हम आगे भी क्षमता निर्माण, डिजिटल लर्निंग एवं सतत विकास के क्षेत्र में अपने प्रयासों को और सशक्त करते रहेंगे।
एसईसीएल की यह उपलब्धि कोल इंडिया लिमिटेड के उस व्यापक दृष्टिकोण के अनुरूप है, जिसके अंतर्गत एक जिम्मेदार, दक्ष एवं भविष्य उन्मुख संगठन के रूप में देश की ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ-साथ बेहतर सार्वजनिक सेवा सुनिश्चित करने की दिशा में सतत प्रयास किए जा रहे हैं।

Share this post with:

AD R.O. No. - 13766/84

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web