CNIN News Network

भाटापारा के जी एन ए महाविद्यालय में परिक्षेत्र स्तरीय महिला बास्केटबॉल प्रतियोगिता आयोजित

18 Oct 2026   7 Views

भाटापारा के जी एन ए महाविद्यालय में परिक्षेत्र स्तरीय महिला बास्केटबॉल प्रतियोगिता आयोजित

Share this post with:


भाटापारा। शासकीय गजानंद अग्रवाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भाटापारा में परिक्षेत्र स्तरीय महिला बास्केटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में चार टीमों ने भाग लिया। रोमांचक मुकाबलों में शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य महाविद्यालय, महासमुंद की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि मेजबान शासकीय गजानंद अग्रवाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भाटापारा की टीम उपविजेता रही। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के लिए महासमुंद महाविद्यालय की छात्रा किरण साहू को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए. आर. सी. जेम्स ने की। इस अवसर पर बलौदाबाजार–महासमुंद परिक्षेत्र के बी. राय की गरिमामयी उपस्थिति रही। अपने उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. जेम्स ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने तथा निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। बी. राय ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक एवं व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में आशुतोष राय एवं सुब्बूदास मानिकपुरी का विशेष योगदान रहा। आयोजन संबंधी तैयारियों, खेल मैदान की व्यवस्था तथा प्रतियोगिता को सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्यक्रम का मंच संचालन राजेश शर्मा ने किया। अंत में महाविद्यालय के क्रीड़ा प्रभारी डॉ. दीपक कुमार यादव ने आभार प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग प्रदान करने वाले अतिथियों, प्राचार्य, आयोजन समिति एवं सभी सहयोगियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. आनंद मिन्ज, डॉ. अशोक वर्मा, डॉ. शशिकिरण कुजूर, डॉ. प्रीति सोनी, राजेश कुमार, डॉ. राजन तिवारी, डॉ. दीपिका त्रिपाठी, डॉ. सुमित पंत, इंद्राणी मरकाम एवं ऋतम्भरा यादव सहित अन्य प्राध्यापकगण, सहायक प्राध्यापक, अतिथि व्याख्याता, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
यह प्रतियोगिता महिला खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने, उनकी खेल प्रतिभा को मंच प्रदान करने तथा महाविद्यालयों में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रही। इस आयोजन ने खिलाड़ियों में प्रतिस्पर्धात्मक भावना, आपसी सहयोग एवं खेल के प्रति उत्साह को प्रोत्साहित किया।

Share this post with:

AD R.O. No. - 14099/21

POPULAR NEWS

© 2022 CNIN News Network. All rights reserved. Developed By Inclusion Web