Share this post with:
00 रेलवे के तीन घंटे के ब्लॉक में 72 मीटर लंबे गर्डर का इंस्टॉलेशन पूरा, परियोजना का 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण
महासमुंद। रायपुर-महासमुंद राष्ट्रीय राजमार्ग-353 पर बेलसोंडा रेलवे क्रॉसिंग के समीप निर्माणाधीन रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) परियोजना ने आज एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। रेलवे द्वारा उपलब्ध कराए गए तीन घंटे के ब्लॉक के दौरान 72 मीटर लंबे एवं लगभग 700 टन वजनी बो-स्ट्रिंग गर्डर की लॉन्चिंग का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया। यह कार्य परियोजना के निर्माण में एक महत्वपूर्ण तकनीकी एवं निर्माणात्मक चरण है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की लगभग 58.66 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति वाली इस परियोजना की अनुबंध राशि 34.15 करोड़ रुपये है। राष्ट्रीय राजमार्ग संभाग रायपुर द्वारा निर्माणाधीन आरओबी का लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। शेष कार्य भी तेजी से किया जा रहा है तथा आगामी 3 से 4 माह में परियोजना पूर्ण होने की संभावना है।
वर्षों पुरानी जाम की समस्या से मिलेगी जल्द ही राहत
बेलसोंडा रेलवे क्रॉसिंग रायपुर और महासमुंद के बीच आवागमन का एक महत्वपूर्ण मार्ग है। ट्रेन गुजरने के दौरान रेलवे फाटक बंद होने से यहां अक्सर लंबा जाम लग जाता है। इससे प्रतिदिन यात्रा करने वाले नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों, व्यापारियों, यात्रियों एवं वाहन चालकों को समय और परेशानी का सामना करना पड़ता है। आरओबी के निर्माण एवं इसके शुरू होने से रेलवे क्रॉसिंग पर निर्भरता समाप्त होगी तथा यातायात निर्बाध और सुगम हो सकेगा। इससे यात्रियों के बहुमूल्य समय की बचत होगी, आवागमन में सुविधा बढ़ेगी और सड़क यातायात व्यवस्था अधिक सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनेगी।
आधुनिक तकनीक से निर्माण, यातायात सुविधा की दिशा में बड़ी उपलब्धि
रेलवे के निर्धारित समय में भारी एवं विशाल बो-स्ट्रिंग गर्डर की सफल लॉन्चिंग निर्माण एजेंसियों के समन्वय, तकनीकी दक्षता और कार्य की गति का उदाहरण है। यह राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण है। आरओबी का निर्माण पूर्ण होने पर महासमुंद-रायपुर मार्ग पर आवागमन और अधिक सुगम होगा। बेलसोंडा रेलवे क्रॉसिंग पर जाम से मुक्ति दिलाने वाली यह परियोजना क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करने के साथ ही लोक निर्माण विभाग, छत्तीसगढ़ शासन एवं सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के लिए भी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।0000
बैकुंठपुर से चोटिया मार्ग का होगा दो लेन एवं पेव्हड शोल्डर निर्माण, शासन ने दी 2041.61 लाख की प्रशासकीय स्वीकृति
एमसीबी। क्षेत्र में सड़क अधोसंरचना को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। छत्तीसगढ़ शासन के लोक निर्माण विभाग द्वारा वर्ष 2025-26 के बजट में शामिल जिला कोरिया के बैकुंठपुर से चोटिया मार्ग के दो लेन एवं पेव्हड शोल्डर निर्माण कार्य के लिए 20 करोड़ 41 लाख 61 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इस स्वीकृति से 12.80 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र में आवागमन की सुविधाओं को बेहतर बनाने का मार्ग प्रशस्त होगा।
लोक निर्माण विभाग मंत्रालय, महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर द्वारा जारी पत्र के अनुसार, उक्त निर्माण कार्य के लिए राज्य शासन ने 2041.61 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की है। इस संबंध में प्रमुख अभियंता, लोक निर्माण विभाग को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। शासन द्वारा जारी स्वीकृति में निर्माण कार्य प्रारंभ करने से पहले सक्षम अधिकारी से तकनीकी स्वीकृति (टीएस) प्राप्त करने तथा उसके बाद ही निविदा आमंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही निविदा प्रक्रिया में शासन के निर्धारित नियमों एवं निर्देशों का पालन करते हुए सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करने को कहा गया है।
निर्माण कार्य की डिजाइन एवं ड्राइंग सक्षम अधिकारी से अनुमोदित कराने, स्वीकृत राशि की सीमा में ही व्यय सुनिश्चित करने तथा कार्यों की नियमित निगरानी करने पर विशेष जोर दिया गया है। शासन ने स्पष्ट किया है कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। कार्य की गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने, अनावश्यक समय वृद्धि से बचने तथा ठेकेदारों द्वारा कार्य में लापरवाही किए जाने की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
Share this post with:
29 Nov 2026 16 Views
29 Nov 2026 20 Views
28 Nov 2026 70 Views