Share this post with:
बीजापुर। जिले में पामेड़ और गंगालूर थाना क्षेत्रों में सुरक्षाबलों को सर्च ऑपरेशन के दौरान जवानों ने अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखे गए नक्सलियों के तीन डंप बरामद किए हैं। इनमें 136 नग बीजीएल सेल, 1400 फीट कार्डेक्स वायर सहित बड़ी मात्रा में नक्सल सामग्री बरामद की गई है। बीजापुर एसपी उमेंश कुमार गुप्ता ने इसकी पुष्टि की है।
बीजापुर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार खुफिया सूचना के आधार पर डीआरजी, 208 कोबरा बटालियन और के-9 डॉग स्क्वाड की संयुक्त टीम ने पामेड़ थाना क्षेत्र के तुमरेल-सिंगमपल्ली जंगल में सर्च अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध स्थानों की जांच की गई। डॉग स्क्वाड की मदद से नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया डंप मिला, जिसमें 103 नग बीजीएल सेल और अन्य नक्सल सामग्री बरामद हुई। वहीं, गंगालूर थाना क्षेत्र के एफओबी कुप्पागुड़ा अंतर्गत लेकामपारा के जंगलों में सीआरपीएफ 199वीं बटालियन, 204 कोबरा बटालियन और के-9 डॉग स्क्वाड वेस्पा की संयुक्त टीम ने सर्चिंग की। इस दौरान दो माओवादी डंप का पता चला। यहां से 33 नग बीजीएल सेल, 1400 फीट कार्डेक्स वायर सहित अन्य सामग्री बरामद की गई।
बीजापुर जिले के अंदरूनी क्षेत्रों में सुरक्षाबलों द्वारा लगातार सर्चिंग, डीमाइनिंग और संयुक्त अभियान संचालित किए जा रहे हैं। पुलिस का मानना है कि जंगलों में छिपाकर रखे गए विस्फोटक और अन्य सामग्री की बरामदगी से क्षेत्रों में शांति, सुरक्षा और विकास के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने में सहायक होगा। बीजापुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि जंगल, सड़क या अन्य सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु अथवा विस्फोटक सामग्री दिखाई देने पर उसे छूने या हटाने की कोशिश न करें। ऐसी किसी भी वस्तु की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना या सुरक्षा कैंप को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संदिग्ध विस्फोटक सामग्री से सुरक्षित दूरी बनाए रखना बेहद जरूरी है। थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।
Share this post with:
13 Nov 2026 39 Views
13 Nov 2026 60 Views
12 Nov 2026 223 Views
12 Nov 2026 186 Views